वृद्धजनों की सेवा करना सौभाग्य की बात – कलेक्टर श्री यादव 10 जून तक चलेगा ‘सेवा और आशीर्वाद अभियान, 771 वृद्धजनों की ई-केवाईसी पूर्ण ई-केवाईसी पूरी तरह निःशुल्क, प्रशासन करेगा भुगतान पात्र वृद्धजन 8 माह से पेंशन से थे वंचित, जिला प्रशासन ने शुरू किया विशेष अभियान
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि जिले में कई वृद्धजन पात्र होने के बावजूद पिछले 8 माह से पेंशन लाभ से वंचित थे। ऐसे वृद्धजनों को उनका अधिकार दिलाने के उद्देश्य से जिला प्रशासन द्वारा ‘सेवा और आशीर्वाद अभियान प्रारंभ किया गया है़, उन्होंने बताया कि अभियान के तहत आधार केंद्र प्रभारी, ग्राम पंचायत सचिव एवं नगरीय क्षेत्रों में वार्ड प्रभारी घर-घर जाकर वृद्धजनों की ई-केवाईसी प्रक्रिया पूरी कर रहे हैं, ताकि पेंशन स्वीकृति में किसी प्रकार की बाधा न रहे।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा ई-केवाईसी के लिए आधार केंद्र प्रभारियों द्वारा ली जाने वाली फीस का भुगतान जिला प्रशासन करेगा। किसी भी वृद्धजन से कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा। यह पूरी प्रक्रिया निःशुल्क रहेगी। उन्होंने बताया जो वृद्धजन वर्तमान में गांव से बाहर हैं, उनसे भी संपर्क किया जा रहा है। उन्हें अपने वर्तमान स्थान से ही ई-केवाईसी कराने अथवा गांव लौटकर प्रक्रिया पूर्ण कराने के लिए प्रेरित किया जा रहा है, ताकि उनकी पेंशन शीघ्र प्रारंभ की जा सके।
अब तक 771 प्रकरणों में कार्रवाई पूर्ण
कलेक्टर श्री यादव ने बताया अब तक 771 वृद्धजनों की ई-केवाईसी एवं पेंशन स्वीकृति संबंधी कार्रवाई पूर्ण की जा चुकी है। जिले में कुल लगभग 1600 लंबित प्रकरण हैं और प्रशासन शीघ्र सभी पात्र हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के लक्ष्य की ओर कार्य कर रहा है।
42 आधार केंद्र प्रभारी और 440 ग्राम पंचायतों में चल रहा अभियान
उन्होंने कहा जिले में केवल 42 आधार केंद्र प्रभारी हैं, जबकि 440 ग्राम पंचायतों एवं नगरीय निकाय क्षेत्रों में कार्य किया जाना है। इसी कारण अभियान को 10 जून तक चलाया जाएगा, ताकि प्रत्येक पात्र वृद्धजन तक पहुंच सुनिश्चित की जा सके।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि वृद्धजनों का आशीर्वाद प्राप्त होना सभी के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। प्रशासन उनकी सेवा में सदैव तत्पर रहेगा तथा भविष्य में भी वृद्धजनों को होने वाली समस्याओं का त्वरित समाधान किया जाएगा।




