गंगा दशहरा के अवसर पर ईटवा बुजुर्ग में देव संकट मोचन हनुमान मंदिर से निकली भव्य कलश यात्रा, जल सहेलियों और समाजसेवियों का हुआ सम्मान

पथरिया सेक्टर अंतर्गत ग्राम ईटवा बुजुर्ग में जल गंगा संवर्धन अभियान के तहत एक भव्य और गरिमामय कार्यक्रम का आयोजन किया गया। संध्या कालीन बैला समिति के विशेष सहयोग से आयोजित इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्रामीणों को जल संरक्षण और पारंपरिक जल स्रोतों के पुनरुद्धार के प्रति जागरूक करना था।
हैंडपंप से भरा जल, शिव मंदिर में किया अर्पित
कार्यक्रम का शुभारंभ ग्राम के प्रतिष्ठित देव संकट मोचन हनुमान मंदिर से भव्य कलश यात्रा के साथ हुआ। यात्रा में शामिल महिलाओं और बच्चों ने पारंपरिक परिधानों में सिर पर कलश धारण कर पूरे गांव का भ्रमण किया। इस दौरान उत्साहपूर्वक जल संरक्षण के नारे लगाए गए और प्रेरक गीतों की प्रस्तुति दी गई। यात्रा के दौरान स्थानीय जल स्रोत (हैंडपंप) से विधि-विधान पूर्वक पूजन कर जल कलश भरा गया, जिसे बाद में भगवान शिव के मंदिर में श्रद्धाभाव से अर्पित किया गया। कार्यक्रम के दौरान सामूहिक भजन-कीर्तन का भी आयोजन हुआ, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
जल संरक्षण में महिलाओं की भागीदारी जरूरी
इस अवसर पर जल गंगा संवर्धन अभियान की बारीकियों पर प्रकाश डालते हुए पाठ्यक्रम के परामर्शदाता एवं जल मित्र दिलीप कुमार पटेल ने कहा कि हमारे जीवन और धार्मिक अनुष्ठानों में जल का सर्वोच्च स्थान है। उन्होंने विशेष रूप से जोर देकर कहा कि हर छोटे-बड़े काम के साथ-साथ जल संरक्षण के इस महाभियान में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी अत्यंत आवश्यक है। वहीं, ग्राम के वरिष्ठ समाजसेवी मुरलीधर पटेल ने उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए जल की एक-एक बूंद को सहेजने और व्यर्थ बहने से रोकने का संकल्प दिलाया।
उत्कृष्ट कार्य करने वाले कर्मवीर हुए सम्मानित
अभियान के अंतर्गत गांव में विकास और जल प्रबंधन के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने वाले सजग नागरिकों को सम्मानित भी किया गया। पथरिया सेक्टर की संस्था श्री साई बाबा महिला मंडल की कुमारी दीपा पाचौरी एवं भारती अहिरवार के माध्यम से इन कर्मवीरों को मंच से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में अटल भूजल योजना के पूर्व वालंटियर महेंद्र पटेल, ग्राम विकास समिति के अध्यक्ष रवि पटेल, चंद्रभान पटेल एवं महिला स्व-सहायता समूह की सक्रिय सदस्य केसरबाई की मंडली शामिल रही। इस पूरे गरिमामय और जन-जागरूकता से भरे आयोजन को सफल बनाने में ग्राम विकास प्रस्फुटन समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों की भूमिका अत्यंत सराहनीय और अनुकरणीय रही।


