पथरिया में जल गंगा संवर्धन अभियान गंगादशहरा के मंगल अवसर पर कलश यात्रा संपन्न

मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के माध्यम से विकासखंड स्तर पर ‘जल गंगा संवर्धन अभियान’ का भव्य आयोजन किया गया। स्थानीय नगर के ऐतिहासिक तालाब के पास आयोजित इस गरिमामयी कार्यक्रम में नगर के गणमान्य नागरिकों सहित जनप्रतिनिधियों और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। कार्यक्रम की शुरुआत कलश यात्रा के साथ हुई। विधिवत जल कलश भरकर निकाली गई इस यात्रा में महिलाओं के साथ मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की। इसके अलावा पथरिया सेक्टर की नवांकुर संस्था ‘साईं बाबा महिला मंडल’ और ‘नगर विकास प्रस्फुटन समिति’ के सदस्यों ने भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाई। कलश यात्रा के तालाब घाट पहुँचने पर वहाँ विशेष गंगा कलश आरती का आयोजन किया गया, जिससे पूरा माहौल भक्तिमय हो गया।
ब्लॉक समन्वयक उमाशंकर उपाध्याय ने जल गंगा संवर्धन अभियान के उद्देश्यों और इसकी रूपरेखा पर विस्तारपूर्वक जानकारी दी और प्रदेश मुख्यालय में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जी के मार्गदर्शन में चल रहा जल गंगा संवर्धन अभियान के साथ गंगा दशहरा के विषयों पर जल संवाद किया। अध्यक्ष, नगर परिषद सुंदरलाल विश्वकर्मा ने जल संरक्षण के महत्व पर जोर देते हुए कहा हमें अपने पारंपरिक जल स्रोतों जैसे कुआं और तालाबों को साफ-स्वच्छ रखने का संकल्प लेना होगा। जल योद्धा व परिषद परामर्शदाता दिलीप पटैल ने व्यवहार परिवर्तन की आवश्यकता पर बल देते हुए कहा यह कार्यक्रम सरकार और समाज की धुरी बने, इसके लिए हम सभी को मिलकर जमीनी स्तर पर कार्य करना होगा।
इस अवसर पर जल के क्षेत्र में काम करने वाले को सम्मानित भी किया गया
जल संरक्षण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्थानीय जल योद्धाओं को इस अवसर पर मंच से सम्मानित किया गया। सम्मानित होने वालों में मुख्य रूप से अंकित तिवारी, सोनू पटेल और प्रभांशु अहिरवार शामिल रहे।
इनकी रही गरिमामयी उपस्थिति
इस आयोजन को सफल बनाने में शासकीय स्कूल के शिक्षक रामाकांत पौराणिक, पवन पटेल, कुमारी दीपा पचौरी, अमरदीप, विवेक तिवारी, यशवंत जैन, जीवन यादव, दर्शिका तिवारी, पुष्पा दुबे और शैलेंद्र पाराशर ने महत्वपूर्ण योगदान दिया। इसके साथ ही सोनू विश्वकर्मा, मदन पाल, ज्योति नेमा, उन्नति ठाकुर, मनीषा साहू, मनीषा पटैल सहित मुख्यमंत्री सामुदायिक नेतृत्व क्षमता विकास पाठ्यक्रम के अनेक विद्यार्थी और नगर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


