जबेरा को मिली स्वच्छता की नई रफ्तार: कचरा गाड़ी को हरी झंडी, जनप्रतिनिधियों ने बढ़ाया मनोबल

जबेरा। ग्राम पंचायत जबेरा में स्वच्छता व्यवस्था को मजबूत करने की दिशा में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण पहल की गई। पंचायत को नई कचरा गाड़ी की सौगात मिली, जिसे जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस पहल से अब क्षेत्र में साफ-सफाई व्यवस्था और अधिक सुदृढ़ होने की उम्मीद जताई जा रही है।
कार्यक्रम में राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) धर्मेंद्र सिंह लोधी के अनुज सत्येंद्र सिंह लोधी, सांसद प्रतिनिधि रूपेश सेन एवं मंडल अध्यक्ष बंटी दुबे विशेष रूप से उपस्थित रहे। सभी अतिथियों ने संयुक्त रूप से कचरा गाड़ी को रवाना कर स्वच्छता अभियान को गति देने का संदेश दिया।
इस अवसर पर सत्येंद्र सिंह लोधी ने ग्रामवासियों को संबोधित करते हुए कहा कि यह कचरा गाड़ी केवल एक वाहन नहीं, बल्कि स्वच्छ और सुंदर जबेरा की दिशा में एक सशक्त कदम है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे कचरे को इधर-उधर न फेंककर निर्धारित वाहन में ही डालें, ताकि पूरे क्षेत्र में स्वच्छता बनी रहे।
कार्यक्रम में सरपंच शिवलाल धुर्वे, राजेश सिंघई, नीरज जायसवाल, अनुपमा मिश्रा, अरुण बाजपेयी, सुनील साहू, सुदीप अवस्थी, सत्येंद्र ठाकुर, आशीष चौधरी सहित पंचायत सचिव कलू यादव कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। सभी ने पंचायत की इस पहल की सराहना करते हुए इसे जनहित में एक सराहनीय कदम बताया।उम्मीद जताई जा रही है नई कचरा गाड़ी के संचालन से अब घर-घर कचरा संग्रहण आसान होगा और जबेरा को स्वच्छ, सुंदर एवं स्वस्थ बनाने की दिशा में ठोस बदलाव देखने को मिलेगा।


