निःशुल्क शव वाहन सेवा के लिए कॉल करें-155334
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के. अठया ने बताया कि मध्यप्रदेश शासन द्वारा आमजन की सुविधा के लिए निःशुल्क शव वाहन सेवा (24×7) शासकीय संस्थागत मृत्यु प्रकरणों में उपलब्ध कराई गई है। शव वाहन सेवा के प्रभावी क्रियान्वयन एवं आमजन को सुलभ जानकारी उपलब्ध कराने के उद्देश्य से टोल फ्री नम्बर-155334 जारी किया गया है।
उन्होंने बताया कि इस सेवा का उद्देश्य जरूरतमंद परिवारों को कठिन समय में सहयोग प्रदान करना है, ताकि शव को एक स्थान से दूसरे स्थान तक सम्मानपूर्वक ले जाने की सुविधा आसानी से उपलब्ध हो सके।
डॉ. अठया ने आमजन से आग्रह किया है कि आवश्यकता पड़ने पर नागरिक इस निःशुल्क शव वाहन सेवा का लाभ उठायें एवं टोल फ्री नम्बर-155334 पर संपर्क करें। उन्होंने सभी नागरिकों से अनुरोध किया है कि वे इस महत्वपूर्ण जानकारी को अधिक से अधिक लोगों तक साझा करें, ताकि जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर सहायता मिल सके।


