डेंगू निरोधक माह का शुभारंभ, सीएमएचओ डॉ. राय ने जागरूकता रथ को दिखाई हरी झंडी शहर में माइकिंग और पंपलेट वितरण के माध्यम से डेंगू-मलेरिया से बचाव का दिया जाएगा संदेश

शासन के निर्देशानुसार जिले में प्रतिवर्ष की भांति जुलाई माह को डेंगू निरोधक माह के रूप में मनाते हुए जनजागरूकता अभियान की शुरुआत की गई। इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय ने डेंगू जनजागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। जागरूकता रथ के माध्यम से शहर के विभिन्न क्षेत्रों में माइकिंग कर नागरिकों को डेंगू एवं मलेरिया जैसी मच्छरजनित बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी जाएगी। साथ ही आमजन के बीच जागरूकता संबंधी पंपलेट भी वितरित किए जा रहे हैं।
इस दौरान जिला मलेरिया अधिकारी सहित मलेरिया विभाग के समस्त अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। सीएमएचओ डॉ. राय ने नागरिकों से घर एवं आसपास साफ-सफाई बनाए रखने, पानी का जमाव नहीं होने देने तथा डेंगू के लक्षण दिखाई देने पर तत्काल स्वास्थ्य केंद्र से संपर्क करने की अपील की।
जिला मलेरिया अधिकारी यामिनी सिलारपुरिया द्वारा बताया गया कि स्क्वायर्ड टीम बनाकर डेंगू/मलेरिया प्रभावित (हाई रिस्क) क्षेत्रों में (वार्ड/ग्रामों) में लगातार लार्वा सर्वे कार्या किया जा रहा है ताकि मच्छरों के लार्वा उत्पत्ति को रोका जा सके एवं मच्छरों से होने वाली बीमारियों से बचा जा सके।
सीएमएचओ डॉ. राकेश राय द्वारा जनसामान्य में डेंगू/मलेरिया से बचाव संबंधी जानकारी दी गई। इस अवसर पर उन्होनें लोगों से अपील की गई है कि समुदाय स्वयं ही निगरानी कर अपने घरों में डेंगू के मच्छरों की उत्पत्ति न होने दें, अपने घरों में एक सप्ताह से अधिक पानी जमा न होने दें, यदि पानी जमा करके रखते हैं तो उसे ढक कर रखें। जिससे कि मच्छर अण्डे न दे सके। अपने घर एवं अपने घर के आस-पास पानी इकट्ठा न होने दें। फ्रिज की ट्रे, कूलर की टंकी, पंक्षियों के लिये रखे हुये पानी के वर्तन स्वयं निगरानी करें तथा पानी बदलते रहें जिससे मच्छरों की रोकथाम कर डेंगू के खतरे से बचा जा सके।




