तीन-चार वर्ष पूर्व लगाए गए पौधे अब वृक्ष का रूप ले चुके हैं, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रमाण है- पंचायत मंत्री श्री पटेल 17 जुलाई के वृहद वृक्षारोपण की तैयारियों का पंचायत मंत्री प्रहलाद पटेल ने लिया जायजा दादा गुरुजी महाराज के निराहार के 2100 दिन पूर्ण होने के अवसर पर जरारूधाम गौ अभ्यारण में 2100 पौधे लगाए जाएंगे

प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा श्रम मंत्री प्रहलाद पटेल ने अपने निर्धारित कार्यक्रम के तहत बटियागढ़ विकासखंड स्थित प्रसिद्ध जरारूधाम गौ अभ्यारण का भ्रमण कर आगामी 17 जुलाई को प्रस्तावित वृहद वृक्षारोपण अभियान की तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने क्षेत्र के जंगल, पेड़-पौधों एवं पूर्व में किए गए पौधारोपण कार्य का अवलोकन किया।
मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जरारूधाम में प्रतिवर्ष वृक्षारोपण किया जाता है। उन्होंने कहा पिछले वर्ष दादा गुरुजी महाराज के निराहार के 1750 दिन पूर्ण होने के अवसर पर 1750 फलदार पौधे लगाए गए थे। इस वर्ष उनके निराहार के 2100 दिन पूर्ण होने पर 17 जुलाई को 2100 पौधों का रोपण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि दादा गुरुजी महाराज 16 जुलाई की रात्रि में जरारूधाम गौ अभ्यारण में प्रवास करेंगे तथा 17 जुलाई को उनके सान्निध्य में वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित होगा। मंत्री श्री पटेल ने कहा तीन-चार वर्ष पूर्व लगाए गए पौधे अब वृक्ष का रूप ले चुके हैं, जो पर्यावरण संरक्षण के प्रति किए जा रहे प्रयासों की सफलता का प्रमाण है। उन्होंने कार्यक्रम की सभी तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश भी दिए।


