नगर पालिका ने खरीदी रोड स्वीपिंग मशीन, स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी तेज
नगर पालिका ने खरीदी रोड स्वीपिंग मशीन, स्वच्छता सर्वेक्षण की तैयारी तेज
दमोह :
दमोह नगर पालिका ने आगामी स्वच्छता सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए शहर की सफाई व्यवस्था को और मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया है। इसी क्रम में एक आधुनिक रोड स्वीपिंग मशीन खरीदी गई है, नई मशीन का मुख्य उद्देश्य शहर की प्रमुख सड़कों पर जमी धूल को हटाना और समग्र स्वच्छता स्तर को बेहतर बनाना है। इससे न केवल सफाई व्यवस्था सुदृढ़ होगी, बल्कि प्रदूषण नियंत्रण में भी मदद मिलेगी।
इस मशीन की खरीद के लिए जिला कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर द्वारा खनिज मद से राशि उपलब्ध कराई गई है, जिससे नगर पालिका को यह सुविधा जुटाने में सहायता मिली। नगरपालिका द्वारा यह मशीन विशेष रूप से शहर की मुख्य सड़कों की सफाई के लिए उपयोग में लाई जाएगी, जहां धूल और गंदगी अधिक मात्रा में जमा होती है।
सीएमओ राजेन्द्र सिंह लोधी ने सभी नागरिकों से आग्रह किया है कि वे सड़कों पर कचरा न फेंकें और कचरा केवल डस्टबिन या कचरा गाड़ी में ही डालें, ताकि शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में सभी का सहयोग मिल सके।
