आभा हेल्थ आईडी से स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल एवं पेपरलेस बनाने की दिशा में शासन द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय – कलेक्टर श्री यादव
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले के नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी आभा हेल्थ आईडी अवश्य बनवाएं। उन्होंने कहा स्वास्थ्य सेवाओं को डिजिटल एवं पेपरलेस बनाने की दिशा में शासन द्वारा महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है। इसके तहत 1 जनवरी 2027 से शासकीय अस्पतालों तथा आयुष्मान योजना के अंतर्गत संबद्ध निजी अस्पतालों में आभा हेल्थ आईडी के माध्यम से उपचार संबंधी कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि नागरिक आभा हेल्थ आईडी स्वयं ऑनलाइन लिंक के माध्यम से घर बैठे अपने मोबाइल से निःशुल्क बना सकते हैं। इसके अलावा शासकीय अस्पतालों में भी आभा हेल्थ आईडी बनाने की सुविधा उपलब्ध रहेगी। अस्पतालों में इसके लिए विशेष काउंटर बनाया जाएगा, जहां नागरिक निःशुल्क अपनी आईडी बनवा सकेंगे। किसी प्रकार की समस्या होने पर अस्पताल में बनाए गए कंट्रोल रूम के माध्यम से भी सहायता प्राप्त की जा सकेगी।
उन्होंने कहा आभा हेल्थ आईडी का सबसे बड़ा लाभ यह होगा कि व्यक्ति की पूर्व उपचार हिस्ट्री, जांच रिपोर्ट, बीमारी एवं उपचार संबंधी रिकॉर्ड डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सुरक्षित उपलब्ध रहेगा। आवश्यकता पड़ने पर चिकित्सक संबंधित मरीज की पूर्व स्वास्थ्य जानकारी देखकर आगे का उपचार बेहतर तरीके से सुनिश्चित कर सकेंगे।
कलेक्टर ने कहा आभा हेल्थ आईडी होने से नागरिकों को इलाज के दौरान अपनी पुरानी फाइलें और दस्तावेज भौतिक रूप से साथ लेकर जाने की आवश्यकता नहीं होगी। आभा आईडी का कार्ड नागरिकों को उपलब्ध कराया जाएगा, जिसे वे सुरक्षित रख सकते हैं। भविष्य में कहीं भी उपचार की आवश्यकता होने पर आईडी के माध्यम से उनकी पूर्व स्वास्थ्य हिस्ट्री देखी जा सकेगी।
उन्होंने जिले के समस्त नागरिकों से आग्रह किया कि वे घर बैठे मोबाइल के माध्यम से अथवा नजदीकी शासकीय अस्पताल में जाकर अपनी आभा हेल्थ आईडी बनवाएं। उन्होंने इससे नागरिकों को स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लेने में सुविधा होगी तथा स्वास्थ्य विभाग को भी मरीजों को बेहतर एवं सुगम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहायता मिलेगी।


