1 लाख 60 हजार 203 बच्चों को पिलाई जायेगी पोलियो की दवा
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आर.के.अठया के निदेशन में राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान के सफल संचालन के लिए जिले में सभी आवश्यक तैयारियां पूर्ण कर ली गई हैं। अभियान के दौरान जिले के 0 से 5 वर्ष आयु वर्ग के 1 लाख 60 हजार 203 बच्चों को पोलियो रोधी दवा पिलाने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। ज्ञात हो कि जिले में बच्चों को विकलांगता से बचाये रखने में बेहद अहम पोलियो रोधी दवा पिलाने का कार्य पल्स पोलियो अभियान के तहत 28 जून से संचालित किया जाएगा।
इस संबंध में जिला टीकाकरण अधिकारी डॉ. विक्रांत चौहान ने बताया कि अभियान के लिए जिले में कुल 1439 पोलियो बूथ बनाए गए हैं। इसके अतिरिक्त बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन, हाट–बाजार, मेले एवं अन्य आवागमन वाले स्थानों पर छूटे हुए बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने के लिए 51 ट्रांजिट टीमों को दो पालियों में, 23 टीमों को दो से अधिक पालियों में तथा 15 टीमों को एकल पाली में तैनात किया गया है।
दूरस्थ क्षेत्रों एवं छूटे हुए बच्चों तक पहुंचने के लिए 45 मोबाइल दलों का भी गठन किया गया है।
161 पर्यवेक्षकों एवं 3223 कार्यकर्ताओं को किया गया तैनात
डॉ. चौहान ने बताया कि अभियान की प्रभावी निगरानी एवं पर्यवेक्षण के लिए 161 पर्यवेक्षकों तथा 3223 कार्यकर्ताओं एवं वैक्सीनेटरों की तैनाती की गई है।
अभियान में संलग्न समस्त कर्मचारियों एवं स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं का प्रशिक्षण पूर्ण कर लिया गया है, जिससे वे निर्धारित प्रोटोकॉल के अनुसार कार्य कर सकें।
ब्लॉक स्तरीय बैठकें की गईं
अभियान की तैयारियों की समीक्षा हेतु सभी विकासखंडों में एस.डी.एम. की अध्यक्षता में ब्लॉक स्तरीय बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं। बैठक में माइक्रोप्लान, वैक्सीन प्रबंधन, कोल्ड चेन व्यवस्था, टीमों की तैनाती तथा छूटे हुए बच्चों तक पहुंच सुनिश्चित करने संबंधी आवश्यक निर्देश दिए गए।




