कलेक्टर श्री यादव ने नगरीय निकायों को जारी किए दिशा-निर्देश, Fire Safety Do’s & Don’ts ग्रीष्मकालीन अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम हेतु व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश
ग्रीष्म ऋतु के दौरान अत्यधिक तापमान, विद्युत तंत्र पर बढ़ते भार, विद्युत उपकरणों के अधिक उपयोग तथा ज्वलनशील पदार्थों के अनुचित भंडारण के कारण अग्नि दुर्घटनाओं की संभावना बढ़ जाती है। ऐसी घटनाओं से जन-धन की हानि के साथ-साथ आवश्यक सेवाएं भी प्रभावित होती हैं। इसी उद्देश्य को लेकर कलेक्टर श्री यादव ने जिले के समस्त मुख्य नगरपालिका एवं नगर परिषद अधिकारियों को निर्देशित किया है कि नागरिकों को विद्युत उपकरणों के सुरक्षित उपयोग, एलपीजी गैस सुरक्षा, ज्वलनशील सामग्री के सुरक्षित भंडारण तथा अग्नि दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक प्रतिक्रिया संबंधी जानकारी उपलब्ध कराना सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा आवासीय एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों के लिए जारी “Fire Safety Do’s & Don’ts” का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए, ताकि अधिक से अधिक नागरिक अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरूक होकर दुर्घटनाओं की रोकथाम में सहभागी बन सकें।
उन्होंने बताया कि गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा ग्रीष्मकाल में बढ़ती अग्नि दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए आवासीय एवं वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों हेतु अग्नि सुरक्षा संबंधी “Do’s & Don’ts” जारी किए गए हैं। साथ ही जनहित में विशेष अग्नि सुरक्षा जागरूकता अभियान संचालित करने के निर्देश दिए गए हैं, अभियान के अंतर्गत अग्निशामक यंत्रों के उपयोग का प्रदर्शन, मॉक ड्रिल एवं आपदा प्रतिक्रिया अभ्यास, जन-जागरूकता रैलियां, सामुदायिक संवाद, पंपलेट एवं पोस्टर वितरण, स्थानीय भाषा में अग्नि सुरक्षा संदेशों का प्रसारण तथा बाजारों, मॉल, अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों एवं बहुमंजिला भवनों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

