रानी अहिल्याबाई होल्कर के इतिहास का अध्ययन कर उनके आदर्शों, नैतिक मूल्यों और जनसेवा की भावना को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी- राज्यमंत्री श्री पटेल लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर के आदर्शों को अपनाने का आह्वान, हर जिले में प्रतिमा स्थापना के लिए सहयोग का आश्वासन

देवी अहिल्याबाई होलकर जयंती समारोह के उपलक्ष्य में अखिल भारतीय गड़रिया महासभा द्वारा लोकमाता देवी अहिल्याबाई होल्कर की जयंती समारोह का आयोजन मगरोन में किया गया। कार्यक्रम में समस्त गड़रिया होलकर समाज के लोग उपस्थित रहे।
प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के राज्यमंत्री लखन पटेल ने लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उनके आदर्शों और न्यायप्रिय शासन व्यवस्था को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा लोकमाता अहिल्याबाई होल्कर की 300वीं जन्म जयंती पर विशेष कैबिनेट बैठक आयोजित कर उनके शासनकाल, लोककल्याणकारी कार्यों और न्यायपूर्ण प्रशासन की जानकारी समाज के सामने रखी गई।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा अहिल्याबाई होल्कर का जीवन सेवा, सुशासन और जनकल्याण का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने हर जिले में रानी अहिल्याबाई होल्कर की प्रतिमा स्थापित करने की मांग का समर्थन करते हुए कहा कि इस दिशा में वे अपनी ओर से हर संभव प्रयास और सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें और उनकी शिक्षा में सहयोग करें। साथ ही मेधावी एवं उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों का सम्मान करने की परंपरा को बढ़ावा देने पर जोर दिया, ताकि अन्य बच्चे भी प्रेरित होकर शिक्षा के क्षेत्र में आगे बढ़ सकें।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने समाज में बढ़ते नशे की प्रवृत्ति पर चिंता व्यक्त की और सभी नागरिकों से नशामुक्ति का संकल्प लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक व्यक्ति अपने परिवार को नशे से दूर रखने का प्रयास करे, तभी समाज और प्रदेश को नशामुक्त बनाया जा सकेगा। उन्होंने कहा कि रानी अहिल्याबाई होल्कर के इतिहास का अध्ययन कर उनके आदर्शों, नैतिक मूल्यों और जनसेवा की भावना को अपने जीवन में उतारना ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। उन्होंने कार्यक्रम में उपस्थित सभी लोगों को इस ऐतिहासिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का संदेश दिया।


