विकसित भारत वाइब्रेंट कार्यक्रम के अंतर्गत प्रधानमंत्री से वर्चुअल संवाद में दमोह के युवाओं ने की सहभागिता

विकसित भारत वाइब्रेंट कार्यक्रम के अंतर्गत आज देश के 245 जिलों के 403 युवाओं की सहभागिता सुनिश्चित की गई। कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी से वर्चुअल माध्यम से संवाद किया। यह कार्यक्रम युवाओं को राष्ट्र निर्माण की मुख्यधारा से जोड़ने तथा विकसित भारत के संकल्प को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है।
दमोह जिले में इस अवसर पर एनआईसी कार्यालय में वर्चुअल कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विकसित भारत वाइब्रेंट कार्यक्रम की प्रतिभागी आस्था जैन सहित जिले के 20 युवाओं ने प्रधानमंत्री के साथ वर्चुअल संवाद में सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान आस्था जैन ने विकसित भारत वाइब्रेंट कार्यक्रम के अंतर्गत भारत के सीमावर्ती गांवों का भ्रमण करने के अपने अनुभव दमोह के युवाओं के साथ साझा किए। उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों में निवास करने वाले नागरिकों का राष्ट्र के प्रति समर्पण, सुरक्षा बलों के प्रति सम्मान तथा देशभक्ति की भावना अत्यंत प्रेरणादायक है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे भी विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भागीदारी निभाते हुए राष्ट्रहित के कार्यों में आगे आएं।
कार्यक्रम में सीईओ जिला पंचायत प्रवीण फुलपगारे, माय भारत जिला निदेशक रोहित यादव तथा लेखा एवं कार्यक्रम सहायक तेज खान विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने युवाओं का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि माय भारत पोर्टल के माध्यम से आयोजित कार्यक्रम युवाओं में नेतृत्व क्षमता, सामाजिक उत्तरदायित्व एवं राष्ट्र निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता को सुदृढ़ करते हैं तथा युवाओ को विभिन्न अवसर प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित युवाओं ने विकसित भारत के संकल्प को साकार करने हेतु सक्रिय सहभागिता का संकल्प लिया तथा प्रधानमंत्री के मार्गदर्शन को प्रेरणादायक बताया।


