”आंधी-बारिश में टूटे विद्युत खंभे बदलकर, बहाल की गई विद्युत आपूर्ति”
जिले के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में आयी तेज आंधी तथा बारिश के कारण कई स्थानों के विद्युत खंभे टूटने की शिकायतें प्राप्त हुई थीं। विद्युत खंभों के टूटने से क्षेत्रवासियों को विद्युत प्रदाय में अवरोध उत्पन्न हुआ था। जिले में सबसे ज्यादा 64 खंभे पटेरा वितरण केन्द्र के अंतर्गत टूटे थे। जिनमें पटना कुम्हारी में 13, मझगवां हंसराज में 6, कुड़ई में 7, हरपालपुरा में 6, गाताकोंड़िया में 9, बिला में 12, तथा हिनौती ग्राम अंतर्गत 11 नं. विद्युत खंभे टूट गये थे। जिस कारण क्षेत्रवासियों को विद्युत प्रदाय में अवरोध उत्पन्न हुआ। इसी प्रकार तेंदूखेड़ा क्षेत्र अंतर्गत बहेरिया, सलैया, सैलवाड़ा, धनेटा, बमनोदा एवं पोंड़ी में 11 के.व्ही. लाइन के कुल 9 खंभे टूट जाने से उक्त क्षेत्रों की विद्युत व्यवस्था भी प्रभावित हुई थी।
खंभे टूटने की उक्त घटनाओं को अधीक्षण अभियंता अमित चौहान द्वारा संज्ञान में लेते हुए तत्काल कनिष्ठ अभियंता-पटेरा एवं कनिष्ठ अभियंता-तेंदूखेड़ा को युद्ध स्तर पर खंभे बदलने हेतु निर्देश प्रसारित किए गए। निर्देशों के परिपालन में संबंधित क्षेत्र के वितरण केन्द्र प्रभारियों द्वारा अधीनस्थ लाइनस्टाफ को एकजुट कर सर्वोच्च प्राथमिकता पर अत्यंत कम समय में उक्त सभी क्षेत्रों के टूटे हुए विद्युत खंभे बदलकर क्षेत्र की विद्युत व्यवस्था बहाल की गई।
