मेरा संकल्प जबेरा विधानसभा प्रदेश की क्रमांक एक विधानसभा बने- राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी ग्राम समनापुर में 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन उप-स्वास्थ्य केंद्र का हुआ लोकार्पण

प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार धर्मेंद्र सिंह लोधी ने जिले की जबेरा विधानसभा के तारादेही अंतर्गत ग्राम समनापुर में 65 लाख रुपये की लागत से निर्मित नवीन उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन का लोकार्पण किया।
राज्यमंत्री श्री धर्मेंद्र सिंह ने कहा इस स्वास्थ्य केंद्र के प्रारंभ होने से ग्राम समनापुर सहित आसपास के अनेक ग्रामों के नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा। उन्होंने कहा पूर्व में उपचार के लिए लोगों को तेंदूखेड़ा अथवा दमोह जाना पड़ता था, जिससे समय के साथ आर्थिक भार भी बढ़ता था। अब स्थानीय स्तर पर स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध होने से समय और धन दोनों की बचत होगी।
उन्होंने कहा मेरा संकल्प है हमारी जबेरा विधानसभा प्रदेश की क्रमांक एक विधानसभा बने। इसी उद्देश्य के साथ हम निरंतर विभिन्न विकास कार्यों को गति प्रदान कर रहे हैं। राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के लिए सतत प्रयास करते हैं और इस दिशा में लगातार विकास और निर्माण कार्य हो रहे हैं l



