सेल्फ क्लिक 2.0 अभियान के तहत जबेरा थाना प्रभारी ने विद्यार्थियों को किया साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक
पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार जिले में चलाए जा रहे ‘सेल्फ क्लिक 2.0’ साइबर सुरक्षा जागरूकता अभियान के अंतर्गत नवागत थाना प्रभारी रविंद्र बागरी ने शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जबेरा पहुंचकर छात्र-छात्राओं को साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी रविंद्र बागरी ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि वर्तमान समय में ऑनलाइन ठगी, फर्जी लिंक, ओटीपी धोखाधड़ी, फर्जी कॉल, सोशल मीडिया हैकिंग तथा डिजिटल भुगतान से जुड़े साइबर अपराध लगातार बढ़ रहे हैं। ऐसे में सभी विद्यार्थियों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते की जानकारी, एटीएम कार्ड नंबर, सीवीवी, ओटीपी अथवा अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से बचें तथा सोशल मीडिया का उपयोग पूरी सावधानी के साथ करें।
उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि यदि उनके साथ या उनके परिवार के किसी सदस्य के साथ किसी प्रकार का साइबर फ्रॉड होता है, तो पुलिस से डरने या घटना छिपाने की आवश्यकता नहीं है। तत्काल पुलिस को सूचना दें, ताकि समय रहते उचित कार्रवाई कर पीड़ित की सहायता की जा सके। उन्होंने बताया कि समय पर शिकायत करने से साइबर अपराधियों तक पहुंचना और नुकसान की भरपाई की संभावना बढ़ जाती है।
इसके पश्चात आरक्षक विवेक कटारे एवं वीरेंद्र सिंह ने भी विद्यार्थियों को साइबर अपराधों के विभिन्न तरीकों की जानकारी देते हुए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, मजबूत पासवर्ड बनाने, ऑनलाइन गेमिंग एवं सोशल मीडिया पर सावधानी बरतने तथा साइबर हेल्पलाइन के महत्व के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने विद्यार्थियों से अपील की कि वे स्वयं जागरूक बनें और अपने परिवार व आसपास के लोगों को भी साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक करें।
कार्यक्रम के अंत में शिक्षिका सुषमा जैन ने आभार व्यक्त करते हुए पुलिस विभाग द्वारा चलाए जा रहे इस जनजागरूकता अभियान की सराहना की। उन्होंने कहा कि ऐसे कार्यक्रम विद्यार्थियों को डिजिटल दुनिया में सुरक्षित रहने की महत्वपूर्ण सीख देते हैं, इस अवसर पर विद्यालय के प्राचार्य मोहन सेन, नंदकिशोर बाजपेई, पवन राय, साकेत जैन, प्रधान आरक्षक प्रेम बैरागी, आरक्षक राहुल शर्मा व विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
