
दमोह। लोक सेवा प्रबंधन विभाग, जिला दमोह द्वारा विभाग में संबद्ध भृत्य गोरेलाल प्रजापति के सेवानिवृत्त होने के अवसर पर सम्मान एवं विदाई समारोह आयोजित किया गया।
श्री प्रजापति मूलतः जनजातीय कार्य विभाग के कर्मचारी थे तथा लंबे समय से लोक सेवा प्रबंधन विभाग में संबद्ध रहकर अपनी सेवाएँ प्रदान कर रहे थे। अपने सेवाकाल के दौरान उन्होंने निष्ठा, ईमानदारी एवं कर्तव्यपरायणता के साथ विभागीय दायित्वों का निर्वहन किया। उनके सरल स्वभाव, अनुशासित कार्यशैली एवं सहयोगात्मक व्यवहार की सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम में जिला प्रबंधक लोक सेवा श्री चक्रेश पटैल ने उनके योगदान की प्रशंसा करते हुए उनके स्वस्थ, सुखमय एवं दीर्घायु जीवन की शुभकामनाएँ दीं।
इस दौरान श्री प्रजापति ने बताया कि उनके 38 वर्षों की सेवाकाल के दौरान ऐसे अनेक अवसर आये जब कुछ अच्छे और कुछ खट्टे अनुभव उन्हें नौकरी के दौरान मिले, लेकिन उन्होंने कहा कि पूर्व के अधिकारियों एवं वर्तमान के अधिकारियों में व्यवहारिक दृष्टिकोण से काफी अंतर आया है। इस अवसर पर उन्हें शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानपूर्वक विदाई दी गई।
कार्यक्रम में लोक सेवा केंद्रों के संचालक सुनील गौतम एवं संदीप चौबे, संजय मौर्य,सहायक नीलेश साहू, विकास दुबे, त्याग पटेल देवाशीष पांडे एवं कलेक्ट्रेट कार्यालय के अन्य कर्मचारियों के साथ साथ श्री प्रजापति के परिजन भी उपस्थित रहे। सभी ने उनके उज्ज्वल भविष्य एवं स्वस्थ जीवन की कामना करते हुए भावभीनी विदाई दी।

