जिले में मलेरिया रथ के माध्यम से जागरूकता अभियान संचालित मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी के निर्देशन में ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में प्रचार-प्रसार

जिले में “मलेरिया निरोधक माह जून” के अंतर्गत मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश कुमार अठ्या के निर्देशन में मलेरिया विभाग द्वारा जिले के विभिन्न मलेरिया प्रभावित ग्रामों एवं शहरी क्षेत्रों में व्यापक जनजागरूकता अभियान संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत मलेरिया प्रचार रथ के माध्यम से माईक द्वारा लोगों को मलेरिया एवं डेंगू से बचाव संबंधी जानकारी दी जा रही है।
पथरिया ब्लॉक के ग्रामों में किया गया प्रचार-प्रसार
08 जून को पथरिया ब्लॉक के पथरिया शहरी क्षेत्र सहित खोजाखेड़ी, सदगुवां, बांसाकलां, किनदरहो, बिलानी, जेरठ, किशुनगंज एवं नरसिंगढ़ आदि ग्रामीण क्षेत्रों में मलेरिया रथ द्वारा भ्रमण कर नागरिकों को मलेरिया से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई।
तेन्दूखेड़ा ब्लॉक में भी चला जागरूकता अभियान
इसी क्रम में 09 जून को तेन्दूखेड़ा ब्लॉक के शहरी क्षेत्र तेन्दूखेड़ा सहित माडनखेड़ा, पतलोनी, हरई, तेजगढ़, हिनौती, हरदुआ हाथीघाट, पुरा, बैरागढ़, झलौन, धनेटा, ससनाकलां, सर्रा, तारादेही, समनापुर, धनगौर, बम्होरी, पिडरई एवं सांगा आदि ग्रामों में मलेरिया रथ के माध्यम से प्रचार-प्रसार किया गया।
मलेरिया से बचाव हेतु दी गई महत्वपूर्ण समझाइश
अभियान के दौरान आमजन को मलेरिया के लक्षण एवं बचाव संबंधी पंपलेट वितरित किए गए तथा मच्छरों से बचाव एवं साफ-सफाई बनाए रखने हेतु प्रेरित किया गया। लोगों को सलाह दी गई कि वे अपने आसपास पानी जमा न होने दें तथा जमा पानी में सप्ताह में एक बार मिट्टी का तेल या जला हुआ इंजन ऑयल डालें ताकि पानी की सतह पर परत बन सके और मच्छरों का प्रजनन रोका जा सके। साथ ही बर्तनों में संग्रहित पानी को नियमित रूप से बदलने एवं सोते समय मच्छरदानी का उपयोग करने की अपील की गई।
निरंतर जारी रहेगा मलेरिया जागरूकता अभियान
जिला मलेरिया अधिकारी यामिनी सिलारपुरिया ने बताया कि मलेरिया रथ लगातार जिले के मलेरिया प्रभावित क्षेत्रों में भ्रमण कर जनसामान्य को मलेरिया एवं मच्छरों से बचाव की जानकारी प्रदान कर रहा है। इस अभियान का उद्देश्य आगामी समय में मलेरिया एवं डेंगू जैसी गंभीर बीमारियों की रोकथाम सुनिश्चित करना है।
