15 मई तक बढ़ी समाधान योजना, बिजली बकायादारों को सरचार्ज में मिलेगी राहत पात्र उपभोक्ता एकमुश्त या किस्तों में जमा कर सकेंगे बकाया राशि
विद्युत बकायादार उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु म.प्र. शासन द्वारा ’’समाधान योजना’’ को 15 मई 2026 तक बढा दिया गया है। जिसमें पात्र बकायादार उपभोक्ता अपनी बकाया राशि जमा करते हुए सरचार्ज में रियायत का फायदा ले सकते हैं। यह योजना उन बकायादार उपभोक्ताओं के लिए वरदान बनी है, जो सरचार्ज के कारण मूल राशि जमा नहीं कर पा रहे हैं। अब उन्हें समाधान योजना में सरचार्ज में नियमानुसार छूट के साथ एकमुश्त अथवा किस्तों में भुगतान करने का विकल्प मिल रहा है।
योजना में पात्र उपभोक्ताओं की सुविधा हेतु दमोह जिले में विद्युत वितरण कंपनी के प्रत्येक वितरण केन्द्र में शिविर लगाये जा रहे हैं। पात्र बकायादार उपभोक्ताओं से अनुरोध है कि वे समाधान योजना का लाभ उठाकर अपना बकाया बिल समय पर जमा करें। जिससे उनका विद्युत कनेक्शन सुचारू रूप से चालू रहे और उन्हें भविष्य में अतिरिक्त सरचार्ज का भुगतान न करना पडे़। अधीक्षण अभियंता अमित चौहान ने बताया, विस्तृत जानकारी हेतु समीपस्थ विद्युत वितरण केन्द्र कार्यालय में संपर्क करें।


