E-Paperमध्य प्रदेश
Trending

दमोह की महिला किसान गंगा बाई गौड़ सहेज रहीं पारंपरिक मोटे अनाजों की विरासत देशी बीजों के संरक्षण से कृषि जैव विविधता को बढ़ावा दे रहीं गंगा बाई ग्राम कलूमर की गंगा बाई गौड़ बनीं पारंपरिक कृषि संरक्षण की प्रेरणा कोदो, कुटकी, रागी और बाजरा की परंपरा को जीवित रखने की पहल

 जिले के जबेरा विकासखंड के ग्राम कलूमर की महिला किसान गंगा बाई गौड़ पारंपरिक मोटे अनाजों और देशी बीजों के संरक्षण के माध्यम से कृषि विरासत को सहेजने का महत्वपूर्ण प्रयास कर रही हैं। उनकी यह पहल न केवल पारंपरिक खेती को बढ़ावा दे रही है, बल्कि देशज कृषि ज्ञान, स्थानीय खाद्य परंपराओं और कृषि जैव विविधता को संरक्षित करने की दिशा में भी प्रेरणादायक है। इस नवाचार में मानव जीवन विकास समिति, कटनी द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया जा रहा है।

बदलते समय में परंपरा को सहेजने की पहल

            आज खेती में आधुनिक तौर-तरीकों और कुछ चुनिंदा फसलों का प्रचलन बढ़ रहा है। ऐसे समय में कई पारंपरिक अनाज और उनके देशी बीज धीरे-धीरे खेती से दूर होते जा रहे हैं। यह केवल फसलों का कम होना नहीं बल्कि पीढ़ियों से संचित कृषि ज्ञान और स्थानीय खाद्य परंपराओं के कमजोर पड़ने की चुनौती भी है। इस चुनौती के बीच गंगा बाई गौड़ ने पारंपरिक मोटे अनाजों के महत्व को समझते हुए उनके संरक्षण को अपनी पहल का महत्वपूर्ण हिस्सा बनाया है। वे कोदो, कुटकी, रागी, बाजरा और कंगनी जैसे पारंपरिक अनाजों के साथ-साथ रामतिल जैसी फसलों की विविधता को सहेजने के प्रयास से जुड़ी हैं। इन फसलों के संरक्षण के माध्यम से वह स्थानीय कृषि परंपराओं को आगे बढ़ाने की दिशा में योगदान दे रही हैं।

देशी बीजों में छिपी है भविष्य की उम्मीद

            किसी भी किसान के लिए बीज उसकी खेती की बुनियाद होता है। देशी बीज केवल अगली फसल तैयार करने का साधन नहीं हैं बल्कि वे स्थानीय परिस्थितियों के अनुरूप विकसित हुए पारंपरिक ज्ञान और अनुभवों की धरोहर भी हैं। गंगा बाई गौड़  जैसी महिला किसानों के प्रयास हमें याद दिलाते हैं कि पारंपरिक बीजों को सहेजना भविष्य की कृषि के लिए भी महत्वपूर्ण है। मोटे अनाजों की विविधता को बनाए रखने से स्थानीय खाद्य परंपराओं को बढ़ावा मिलता है और खेती में विभिन्न फसलों को स्थान देने की संभावनाएँ मजबूत होती हैं। वही मोटे अनाज पोषण की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण मानें जाते हैं। इनकी विभिन्न प्रजातियों और पारंपरिक किस्मों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए खाद्य विविधता को बनाए रखने में सहायक हो सकता है।

महिला किसान का प्रयास बदलाव की मजबूत कड़ी

            ग्रामीण क्षेत्रों में महिलाएँ खेती-किसानी के साथ बीजों के चयन भंडारण और पारंपरिक खाद्य ज्ञान को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती रही हैं। गंगा बाई गौड़ का प्रयास इसी ग्रामीण ज्ञान और महिला किसानों की भूमिका को पहचान दिलाने का अवसर प्रदान करता है। उनकी पहल यह संदेश देती है कि कृषि का विकास केवल उत्पादन बढ़ाने तक सीमित नहीं होना चाहिए। खेती की विविधता, स्थानीय बीजों का संरक्षण और पारंपरिक ज्ञान को सम्मान देना भी उतना ही आवश्यक है।

महिला किसान का प्रयास अन्य किसानों के लिए प्रेरणा

            गंगा बाई गौड़ की पहल हमें प्रेरित करती है कि हम अपने पारंपरिक अनाजों को पहचानें, देशी बीजों का महत्व समझें और उन्हें अगली पीढ़ी तक पहुँचाने के लिए सामूहिक प्रयास करें। जब किसान अपने खेतों में पारंपरिक फसलों को स्थान देते हैं तो वे केवल अनाज नहीं उगाते बल्कि अपनी संस्कृति, खाद्य परंपरा और कृषि विरासत को भी जीवित रखते हैं। उनकी कहानी इस बात का स्मरण कराती है कि कृषि की असली समृद्धि केवल खेतों में पैदा होने वाले अनाज की मात्रा में नहीं बल्कि खेतों में सुरक्षित रखी गई विविधता और पीढ़ियों से चले आ रहे ज्ञान में भी निहित है।

            गंगा बाई गौड़ का प्रयास उन सभी महिला किसानों के लिए प्रेरणा है जो अपनी मेहनत, अनुभव और पारंपरिक ज्ञान के माध्यम से खेती को अधिक विविधतापूर्ण और टिकाऊ बनाने में योगदान दे रही हैं। जागरूक महिला किसान गंगा बाई गौड़ के इस नवाचार में सहयोगी संस्था मानव जीवन विकास समिति कटनी द्वारा मार्गदर्शन दिया जा रहा है। जिनका यह प्रेरक संदेश है कि देशी बीज बचेंगे पारंपरिक अनाज उगेंगे और कृषि की विविधता बनी रहेगी तभी हमारी समृद्ध कृषि विरासत आने वाली पीढ़ियों तक सुरक्षित पहुँच सकेगी।

अक्ष भारत

अक्षय भारत के सम्माननीय पाठकों को प्रियदर्शन जैन की तरफ से सदर नमन यह न्यूज़ प्लेटफार्म सामाजिक,राजनीति, खेल, धार्मिक, व्यापार,चिकित्सा एवं स्वास्थ्य, राजनीति से जुड़ी खबरों को आम जन तक निष्पक्ष एवं पारदर्शिता के साथ पहुंचने में पिछले कई वर्षों से लगातार बिना रुके अपनी सेवाएं देते आ रहे हैं खबरों एवं विज्ञापनों हेतु संपर्क करने के लिए आप हमारी ईमेल आईडी एवं व्हाट्सएप नंबर पर भी संपर्क कर सकते हैं एडिटर - प्रियदर्शन जैन Email.apsaragroup24x7.in WhatsApp.9826674474,9425474474

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
Click to listen highlighted text!