समाज को एकजुटता पर विशेष ध्यान देना चाहिए
समाज को एकजुटता पर विशेष ध्यान देना चाहिए

दमोह। समाज को एकजुटता पर विशेष ध्यान देना चाहिए क्योकि अगर आप अकेले है तो आपको कमजोर समझा जाएगा और अगर आप एकजुट है तो कोई बाहरी आपको तोड़ नहीं सकता है। उन्होंने कहा कि सभी बच्चों को पढ़ाई पर ध्यान देना चाहिए। आज आप लोग मेहनत करें तो जीवन में वह स्थिति नहीं देखनी पड़ेगी जो अशिक्षित लोगों को झेलना पड़ रही है। उक्ताशय के विचार जिला शिक्षाधिकारी सत्यम चौरसिया ने चौरसिया समाज द्वारा आयोजित मंचीय कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में व्यक्त किए। इसके अलावा सिद्धार्थ मलैया, अजय टंडन सहित अन्य ने भी अपने विचार रखे। सम्मान की कड़ी में समाज द्वारा वरिष्ठजनों का सम्मान, मेधावी छात्रों का सम्मान, सेवानिवृत्त कर्मचारियों एवं शासकीय सेवा में नवनियुक्त स्वजातीय बंधुओ का सम्मान किया।
सुबह से हुए आयोजन
गौरतलब है कि इसके पूर्व प्रात:काल चौरसिया समाज द्वारा विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया। प्रात:काल पुरैना तालाब स्थित चौरसिया सत्संग भवन में सुंदरकांड पाठ किया गया। इसके उपरांत मारवाड़ी मंदिर स्थित श्री जगदीश व्यायाम शाला में अखाड़ा पूजन हुआ। दोपहर में पुराना थाना से रैली निकाली गई जो बकौली चौक, घंटाघर, अस्पताल चौक, कीर्ति स्तंभ, शिवाजी स्कूल से होते हुए पुन: चौरसिया सत्संग भवन पहुंची।
