बिजली विभाग के चैकिंग अभियान में विद्युत चोरी के 8 प्रकरण दर्ज, 12 हीटर जब्त एवं अवैध रूप से चार्ज करते 3 इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रकरण भी दर्ज
अधीक्षण अभियंता दमोह के निर्देशन दमोह में शहर में 06 अक्टूबर सुबह 08 बजे से चार टीमों का गठन कर कसाई मण्डी एवं आसपास के क्षेत्रों में सघन चैकिंग अभियान चलाया गया।
संयुक्त चैकिंग टीम में दमोह (शहर) वितरण केन्द्र के सहायक अभियंता राघवेन्द्र ईडपाची, सहायक अभियंता फरीद अंसारी, कनिष्ठ अभियंता शिवानी गुप्ता, कनिष्ठ अभियंता-हिण्डोरिया प्रदीप सिंह परिहार एवं कनिष्ठ अभियंता-नोहटा पूजा खोब्रागढे, द्वारा शहर के कसाई मण्डी एवं आसपास के क्षत्रों में सघन चैकिंग की गई।
चैकिंग के दौरान उक्त क्षेत्रों में विद्युत चोरी के 8 प्रकरण पंजीबद्ध किये गये, 12 हीटर जब्त किये एवं अवैध रूप से चार्ज करते पाये जाने पर तीन इलेक्ट्रिक वाहनों के प्रकरण भी दर्ज किये गये।
जांच के दौरान अनाधिकृत रूप से विद्युत उपयोग पाये जाने पर जांच दल के अधिकारियों द्वारा मौके पर ही पंचनामा तैयार कर नियमानुसार आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई। यह भी पाया गया कि संबंधित उपयोगकर्ताओं द्वारा निर्धारित नियमों एवं प्रावधानों का पालन किए बिना विद्युत ऊर्जा का उपयोग कर इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग की जा रही थी।
अधीक्षण अभियंता दमोह ने जिले के उपभोक्ताओं एवं आमजन से अपील की है कि वे वैध विद्युत कनेक्शन लेकर ही विद्युत का उपयोग करें, आवश्यकतानुसार लोड बढ़ाने हेतु आवेदन करें अन्यथा कि स्थिति में जांच के दौरान बढ़े हुए लोड के आधार पर कार्यवाही करते हुए जुर्माना अधिरोपित किया जावेगा। जिसकी संपूर्ण जवाबदारी संबंधित उपयोगकर्ता की होगी। यह भी अपील की गई कि वाहनों की चार्जिंग केवल अधिकृत एवं निर्धारित चार्जिंग स्टेशनों अथवा स्वीकृत विद्युत कनेक्शन के माध्यम से ही करें।
अधीक्षण अभियंता दमोह ने यह भी बताया कि म.प्र.पू.क्षे.वि.वि.कं.लि., दमोह द्वारा संपूर्ण जिले में विद्युत चोरी की रोकथाम एवं इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग संबंधी जांच अभियान निरंतर जारी रहेगा।


