संत रविदास जयंती पर समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वंदन यात्रा गांव-गांव पहुंच रही राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी के नेतृत्व में निकाली जा रही यात्रा, 11 सितंबर तक विधानसभा क्षेत्र में होगा समापन

संत शिरोमणि श्री रविदास जी महाराज की 650वीं जयंती के अवसर पर समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वंदन यात्रा का आयोजन किया जा रहा है। संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री धर्मेन्द्र सिंह लोधी के नेतृत्व में निकाली जा रही यह यात्रा गांव-गांव पहुंचकर सामाजिक समरसता और संत रविदास जी के विचारों का संदेश दे रही है।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा संत रविदास जी की जन्मस्थली सीर गोवर्धनपुर, वाराणसी की पावन माटी, जल एवं अमृतवाणी ग्रंथ को विधानसभा क्षेत्र में निर्मित संत रविदास जी के मंदिरों में यात्रा के दौरान स्थापित कराया जा रहा है। इसका उद्देश्य क्षेत्रवासियों को संत रविदास जी के बताए मार्ग पर चलने के लिए प्रेरित करना और सामाजिक समरसता की भावना को मजबूत करना है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार द्वारा 100 करोड़ रुपये की लागत से सागर में संत रविदास जी का भव्य मंदिर निर्मित कराया जा रहा है। मंदिर का भूमिपूजन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी द्वारा किया गया था और निर्माण कार्य निरंतर जारी है। मंदिर पूर्ण होने के बाद देश-विदेश से श्रद्धालु संत रविदास जी के दर्शन के लिए सागर पहुंचेंगे।
द्वितीय दिवस 14 ग्रामों में पहुंचेगी कलश वंदन यात्रा
कलश वंदन यात्रा के द्वितीय दिवस सिंग्रामपुर से प्रारंभ होकर गुबरा, कुसमी, पटना कुआं, सिंगपुर, भजिया, अमदर, पौड़ी, कोड़ाकला, कोठा, हरदुआ सड़क, भाटखमरिया, माड़नखेड़ा, हर्रई एवं सिंगौरगढ़ सहित 14 ग्रामों में पहुंचेगी। यात्रा के दौरान ग्रामीणों को संत रविदास जी के समरसता, समानता और सद्भाव के संदेश से जोड़ा जाएगा।




