
दमोह। दिगंबर जैन समाज के पर्वराज पर्यूषण पर्व इस वर्ष 16 सितंबर से प्रारंभ होने जा रहे हैं। इस अवसर पर सभी जैन मंदिरों में विभिन्न धार्मिक आयोजनों को लेकर भक्ति मय उल्लास का माहौल बना हुआ है। नगर के श्री पारसनाथ दिगंबर जैन नन्हे मंदिर जी में वर्षा योग चातुर्मास कर रही आचार्य श्री विद्यासागर जी एवं आचार्य श्री समय सागर जी की शिष्या आर्यिका रत्न चिंतन मति माताजी, सार मती माताजी एवं जागृत मति माताजी के सानिध्य में 10 दिनों तक व्रत संयम के साथ श्रावक गण धर्म साधना में लीन रहेंगे। प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से ध्यान सामयिक, 7 बजे से श्री जी की ।अभिषेक शांति धारा होगी। ब्रह्मचारी स्वतंत्र भैया के निर्देशन में देव शास्त्र गुरु पूजन, 16 कारण पूजन, दस लक्षण पूजन संपन्न होगी। सुबह 9 से पूज्य आर्यिका संघ के मंगल प्रवचन होंगे। दोपहर में तत्वार्थ सूत्र की क्लास, शाम को प्रतिक्रमण, आचार्य भक्ति, भक्तांबर दीप आरती, प्रवचन उपरांत विविध धार्मिक आयोजन संपन्न होंगे। यह सभी धार्मिक आयोजन निर्माणाधीन त्रिमूर्ति जिनालय परिसर में संपन्न होंगे। यहां पर तीन भव्य समवशरण की रचना पूर्व में ही हो चुकी है। मंदिर कमेटी के महामंत्री राजकुमार रानू ने समस्त श्रावक जनों से समय पर सभी आयोजनों में शामिल होने की अपील की है।


