
दमोह। स्वास्थ्य सेवाएं हितग्राहियों तक सही तरीके से पहुंच रही हैं या नहीं, इस बात को जानने के लिए मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय ने रविवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मडियादो का औचक निरीक्षण किया। जिसमें उन्होंने वहां की व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा उपस्थित स्टाफ एवं हितग्राहियों से बात की। प्रसव पश्चात भर्ती दो महिलाओं से बात की एवं जच्चा बच्चा के स्वास्थ्य के बारे में जाना, उक्त महिलाओं ने व्यवस्थाओं एवं स्वास्थ्य सेवाओं पर संतोष जाहिर किया एवं उन्होंने बताया कि यहां सभी सेवाएं निशुल्क प्राप्त हुई हैं।




