100 पुत्र एक वृक्ष के बराबर: प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष सुभाष सोलंकी

दमोह जिले के बांसा तारखेड़ा गांव में मौजूद मंडपेश्वर धाम में पर्यावरण प्रेमी ऋषि राज सिंह परिहार के नेतृत्व में विश्व पर्यावरण दिवस के मौके पर एक पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष सुभाष सोलंकी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। जहां पर उन्होंने विधि विधान से पूजन करने के बाद आम का पौधा रोपा।
ग्रामीण जनों को संबोधित करते हुए प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष सोलंकी ने कहा कि समाज में पर्यावरण को सुरक्षित रखने की भावना जागृत होना बहुत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि 100 पुत्र के बराबर एक वृक्ष होता है, क्योंकि वृक्ष हमें जीवन देते हैं। पर्यावरण के प्रति प्रत्येक व्यक्ति की यह जवाबदारी है कि वह उसका संरक्षण करें और लगातार पौध रोपण करते हुए अपनी प्रकृति को संभाले। पर्यावरण प्रेमी ऋषिराज सिंह परिहार को न्यायाधीश सोलंकी ने बधाई देते हुए कहा कि उनका यह कार्य निश्चित रूप से समाज को एक नई दिशा दे रहा है। उनके द्वारा लगातार पौधों का वितरण भी किया जा रहा है और पौधों का रोपण भी किया जा रहा है। यह दोनों ही कार्य बहुत सराहनीय है। उन्होंने कहा कि हम सब की जवाबदारी है कि हम पौधारोपण करें। इस मौके पर पर्यावरण प्रेमी परिहार ने बताया कि अभी तक उनके द्वारा 75 000 पौधे वितरित किए जा चुके हैं उन्होंने कहा कि पर्यावरण को सुरक्षित रखने के लिए वे लगातार प्रयास कर रहे हैं और लोगों को जागरुक कर रहे है। उनका यह क्रम लगातार चलता रहेगा। इस मौके पर प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अध्यक्ष श्री सोलंकी ने भी ग्रामीणों को पौधे वितरित किए। इस अवसर पर विज्ञान सिंह परिहार, इमलिया सरपंच अंगद सिंह राजपूत, डॉक्टर अखिलेश पटेल, विश्व हिंदू परिषद जिला उपाध्यक्ष राम मिश्रा, शंभू विश्वकर्मा, राहुल पटेल, अधिवक्ता विक्रांत सिंह, राजकुमार सिंह के अलावा अनेक लोग शामिल थे।




