मैदानी स्तर पर समस्याओं का निराकरण कर परिणाम मूलक कार्य किये जायें मेहनत करें एवं हितग्राही मूलक सेवाओं में लाभदायी परिणाम लायें-कलेक्टर श्री यादव स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक संपन्न सत्यापित बच्चों का प्रतिशत कम पाये जाने पर संबंधित सीडीपीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश स्वास्थ्य एवं महिला बाल विकास की संयुक्त बैठक संपन्न, दिए गए अहम् दिशा-निर्देश
छोटे बच्चों, गर्भवती माताओं एवं धात्री माताओं को दी जाने वाली सुविधाओं की स्थिति और स्वास्थ्य सुधार की प्रगति में कई क्षेत्रो में प्रगति बेहद कमजोर पाई गई। पिछली बैठक में भी कई अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए थे, लेकिन अपेक्षित सुधार नहीं दिखाई दिया। ऐसे अधिकारियों को नोटिस जारी किए जायें। इस आशय के निर्देश कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिला कार्यालय सभाकक्ष में आयोजित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की समीक्षा बैठक में दिए। उन्होंने एम्बुलेंस सेवाओं पर भी नाराजगी जताई। जिला अधिकारियों को योजनाओं पर प्रगति लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा मैदानी स्तर पर समस्याओं का निराकरण कर परिणाम मूलक कार्य किये जायें। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राजेश अठ्या, महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, बीएमओ तथा सीडीपीओ सहित फील्ड स्तर के अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला से ब्लॉक स्तर तक मॉनिटरिंग के निर्देश
कलेक्टर श्री यादव ने जिला, अनुभाग और ब्लॉक स्तर के अधिकारियों को नियमित रूप से फील्ड में जाकर बैठक लेने तथा योजनाओं की प्रगति में सुधार लाने के साथ जमीनी स्तर पर निगरानी बढ़ाकर मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने के निर्देश दिये।
जिला स्वास्थ्य एवं पोषण समिति की बैठक में प्रचलित योजनाओं की अद्यतन प्रगति की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री यादव ने अधिकारियों को मैदानी स्तर पर जाकर समस्याओं का समाधान सुनिश्चित करने तथा मैदानी कार्यकर्ताओं को कार्य में सुधार लाने आवश्यक सहयोग एवं मार्गदर्शन दिये जाने की बात कही। उन्होंने कहा मेहनत करें एवं हितग्राही मूलक सेवाओं में लाभदायी परिणाम लायें।
बैठक में स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग की विभिन्न योजनाओं की विभागवार समीक्षा की गई। बैठक में स्वास्थ्य विभाग अंतर्गत मातृ-शिशु स्वास्थ्य सेवाओं, टीकाकरण, टी.बी., पोषण से जुडे़ गतिविधियों की अद्यतन प्रगति की समीक्षा की।
मातृ स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार लाने के निर्देश
समीक्षा के दौरान गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच, उच्च जोखिम गर्भवती माता का प्रबंधन में अपेक्षित प्रगति नहीं मिलने पर कलेक्टर श्री यादव नें नाराजगी व्यक्त की। गर्भवती महिलाओं की समग्र आईडी से संबंधित समस्या आने पर कलेक्टर ने सीबीएमओ को निर्देश दिये कि जनपद सीईओ के साथ ग्राम पंचायत सचिव संयुक्त बैठक कर समस्याओं का निराकरण सुनिश्चित किया जाये। उन्होंने निर्देश दिये कि जिला स्तरीय कार्यक्रम अधिकारी स्वयं मैदानी क्षेत्रों में जाकर देखें कि किन कारणों से प्रगति प्रभावित हो रही है तथा तत्काल सुधारात्मक कार्यवाही की जाये।
108 एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा
बैठक में 108 एम्बुलेंस सेवाओं की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने वाहनों के नियमित चैकअप एवं प्रोटोकॉल अनुसार संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा एम्बुलेंस निर्धारित मानकों के अनुरूप संचालित होना चाहिये ।
टीकाकरण में शहरी क्षेत्र की प्रगति पर चिंता
टीकाकरण कार्यक्रम की समीक्षा के दौरान दमोह शहरी क्षेत्र में अपेक्षाकृत कम प्रगति पाये जाने पर उन्होंने कारण जानकर कार्ययोजना तैयार करने एवं अभियान स्तर पर सुधार लाने के निर्देश दिये। गर्भवती महिलाओं एवं बच्चों के टीकाकरण विशेषकर एमआर टीकाकरण पर विशेष ध्यान देने को कहा।
पोषण ट्रेकर एवं सी-सेम कार्यक्रम की समीक्षा
कलेक्टर ने महिला बाल विकास विभाग की योजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों की समीक्षा के दौरान पथरिया क्षेत्र में पोषण ट्रेकर में सत्यापित बच्चों का प्रतिशत कम पाये जाने पर संबंधित सीडीपीओ को नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। समुदाय स्तर पर संचालित सी-सेम कार्यक्रम की समीक्षा में पटेरा क्षेत्र में बच्चों के पोषण स्तर में अपेक्षित सुधार न पाये जाने पर सीडीपीओ पटेरा को कार्य में सुधार लाने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि मैदानी कार्यकर्ताओं की नियमित बैठक लेकर योजनाओं में प्रगति लाई जाये तथा बच्चों के पोषण स्तर में सुधार के लिए गंभीरता से कार्य किया जाये।
तंबाकू निषेध सप्ताह के तहत जन जागरूकता गतिविधियां
बैठक में जिले को तम्बाकू मुक्त बनाने के लिए सामूहिक प्रयासों एवं जन जागरूकता गतिविधियों पर चर्चा की गई। अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि आमजन को तंबाकू सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक किया जाये। बैठक में जानकारी दी गई कि 31 मई तक तंबाकू निषेध सप्ताह के अंतर्गत विभिन्न जागरूकता गतिविधियां की जायेगी।


