दमोह की शानदार जीत, संभाग स्तरीय लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में बनाई जगह
दमोह। 12वीं संभाग स्तरीय लेदर बॉल क्रिकेट प्रतियोगिता का आयोजन बक्सवाहा में 7 से 9 अप्रैल तक किया जा रहा है। प्रतियोगिता में दमोह टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए लगातार जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश कर लिया है। पहले मुकाबले में दमोह का सामना पन्ना से हुआ। टीम के कप्तान ललित राज ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। निर्धारित 12 ओवरों में दमोह ने 87 रन बनाए। इसमें राहुल राजपूत ने 24 रन, पवन खरे ने पारी को संभालते हुए कीमती 22 रन, शोएब पठान ने 14 रन और ललित राज ने 11 रन का योगदान दिया। जवाब में पन्ना की टीम दमोह की घातक गेंदबाजी के सामने टिक नहीं सकी और 68 रन पर ऑल आउट हो गई। दमोह की ओर से भगवत सेन ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट झटके, जबकि शोएब पठान ने 2 विकेट हासिल किए। इस तरह दमोह ने यह मैच जीत लिया। दूसरे मुकाबले में दमोह का सामना निवाड़ी से हुआ। निवाड़ी ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में 102 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी दमोह टीम के सलामी बल्लेबाज शोएब पठान और राहुल राजपूत ने बेहतरीन शुरुआत दी। शोएब पठान ने अपनी पारी मैं तीन चौकों और तीन छक्कों की बदौलत 39 रन और राहुल राजपूत ने सात चौकों व एक छक्का की बदौलत नाबाद 51 रन बनाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। दमोह ने यह मैच 8 विकेट से जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाई। टीम के इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर जिला शिक्षा अधिकारी एस.के. नेमा, डीपीसी मुकेश द्विवेदी और डीएसओ गगन कन्नौजे ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

