जन्मदिवस समारोह के वायरल वीडियो पर गौरव पटेल और कलाकार महिपाल सिंह ने दी सफाई
जन्मदिवस समारोह के वायरल वीडियो पर गौरव पटेल और कलाकार महिपाल सिंह ने दी सफाई

दमोह। जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि गजेन्द्र सिंह उर्फ गौरव पटेल के जन्मदिवस पर शनिवार को कक्कू मैरिज गार्डन, खौजाखेड़ी, पथरिया रोड, सेमरा तिगड्डा में मिलन समारोह आयोजित किया गया। समारोह में क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, शुभचिंतकों और मित्रों ने पहुंचकर गौरव पटेल को जन्मदिवस की शुभकामनाएं दीं। समारोह के दौरान लोकगीत कलाकार महिपाल सिंह ठाकुर द्वारा प्रस्तुत किए गए एक गीत का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इसको लेकर चर्चाएं शुरू हो गईं। मामले में गौरव पटेल और लोकगीत कलाकार महिपाल सिंह ठाकुर ने अपनी-अपनी सफाई दी है।
गौरव पटेल ने कहा कि उनके जन्मदिन पर आयोजित कार्यक्रम को बंडा में हुई घटना से जोड़कर सोशल मीडिया पर प्रस्तुत किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बंडा की घटना को लेकर वे बेहद चिंतित हैं और घटना में जान गंवाने वाले सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हैं। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया और यूट्यूब चैनलों पर वीडियो को संदर्भ से अलग प्रस्तुत कर उनके संबंध में भ्रामक बातें प्रसारित की जा रही हैं। गौरव पटेल ने बताया कि जन्मदिन का कार्यक्रम क्षेत्र के लोगों द्वारा आयोजित किया गया था, जिसमें पथरिया में वृक्षारोपण सहित अन्य कार्यक्रम भी रखे गए थे।


कलाकार महिपाल सिंह ने भी रखा पक्ष
वायरल वीडियो में लोकगीत कलाकार महिपाल सिंह ठाकुर द्वारा गीत की पंक्तियां प्रस्तुत की गईं— “पव्वा ना पियो घने-घने,बंडा में मर गए कई जने” वीडियो को लेकर महिपाल सिंह ठाकुर ने कहा कि समारोह में लोगों की फरमाइश पर उन्होंने गीत प्रस्तुत किया था। उन्होंने कहा कि बंडा में हुई घटना को लेकर वे भी चिंतित हैं और लोगों से शराब का सेवन नहीं करने की अपील करते हैं। उन्होंने घटना में मृत सभी लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गीत प्रस्तुत करने का उनका मकसद किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था। उन्होंने वायरल वीडियो को लेकर सामने आ रही चर्चाओं के संबंध में अपनी स्थिति स्पष्ट की।

