अधीक्षण अभियंता ने बांसा वितरण केंद्र का किया औचक निरीक्षण, धार्मिक पर्वों के दौरान सुचारू विद्युत व्यवस्था बनाये रखने एवं राजस्व वसूली पर फोकस करने हेतु दिये विशेष निर्देश
अधीक्षण अभियंता दमोह अमित चौहान एवं कार्यपालन अभियंता, दक्षिण संभाग-दमोह एम.एल. साहू ने आज संयुक्त रूप से बांसा वितरण केंद्र का औचक निरीक्षण किया । निरीक्षण के दौरान अधीक्षण अभियंता ने स्वयं फील्ड में उपस्थित होकर बड़े बकायादारों से संपर्क किया तथा 80 हजार रूपये से अधिक बकाया राशि वाले उपभोक्ताओं के कनेक्शन विच्छेद किये गये।
अधीक्षण अभियंता ने निरीक्षण के दौरान बांसा वितरण केंद्र प्रभारी को गणेश उत्सव एवं आगामी पर्यूषण पर्व के दौरान 24×7 के आधार पर सुचारू रूप से विद्युत व्यवस्था बनाये रखने एवं जहां-जहां बड़ी मूर्तियां स्थापित हैं, वहां स्टाफ के माध्यम से नियमित निरीक्षण करने के निर्देश दिए ।
राजस्व वसूली की निराशाजनक प्रगति पर अधीक्षण अभियंता ने
व्यक्त की नाराजगी
निरीक्षण के दौरान बांसा वितरण केन्द्र की राजस्व वसूली की भी समीक्षा की गई। माह सितंबर-2026 हेतु निर्धारित लक्ष्य के विरूद्ध कम वसूली पर अधीक्षण अभियंता ने गहरी नाराजगी व्यक्त की तथा वितरण केन्द्र प्रभारी को निर्देशित किया कि बड़े बकायादारों के विरूद्ध प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जाये। यह भी आगाह किया गया कि लक्ष्य अनुसार राजस्व वसूली प्राप्त न होने पर कठोर कार्यवाही की जायेगी।
इसके साथ ही विजिलेंस राशि को शत-प्रतिशत जमा कराने, सी.एम. हेल्पलाइन एवं 1912 की शिकायतों का संतुष्टिपूर्ण निराकरण करने, टॉप-20 बकायादारों पर प्रत्येक दिन कार्य करने, 11 के.व्ही. फीडरों की ट्रिपिंग कम करने हेतु उपाय, अधिक से अधिक विद्युत चोरी के प्रकरण तैयार करने, गलत बिलों को चिन्हित कर उनका सुधार करने, पेमेंट काउंट बढ़ाने के साथ-साथ प्रत्येक माह शत-प्रतिशत नगद मांग की वसूली एवं विद्युत उपभोक्ताओं को सुचारू एवं गुणवत्तापूर्ण विद्युत प्रदाय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।



