प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत 627 गर्भवती महिलाओं को मिली जांच, उपचार एवं विशेषज्ञ परामर्श सेवाएं

प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत जिला चिकित्सालय, सिविल अस्पताल हटा एवं जिले के सभी विकासखण्डों में विशेष मातृ स्वास्थ्य क्लीनिक आयोजित किए गए। इन क्लीनिकों के माध्यम से 627 गर्भवती महिलाओं को विशेषज्ञ स्वास्थ्य जांच, उपचार एवं चिकित्सकीय परामर्श सेवाएं प्रदान की गईं। वहीं आयुष्मान आरोग्य मंदिर (प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्रों) में चिकित्सकों तथा उपस्वास्थ्य केन्द्रों पर सामुदायिक स्वास्थ्य अधिकारियों (सीएचओ) द्वारा सामान्य गर्भवती महिलाओं की नियमित प्रसव पूर्व जांच के साथ-साथ नवीन उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों की पहचान भी की गई।
जिला चिकित्सालय एवं सिविल अस्पताल हटा सहित निर्धारित स्वास्थ्य संस्थानों में स्त्रीरोग विशेषज्ञों एवं स्किल लैब प्रशिक्षित चिकित्सकों ने उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की फॉलोअप जांच, आवश्यक स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार कर सुरक्षित मातृत्व हेतु आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श प्रदान किया।
राज्य एवं जिला स्तरीय अधिकारियों ने किया क्लीनिक का निरीक्षण
राज्य स्तर से डॉ. तुषार, कंसलटेंट मेटरनल हेल्थ ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र तेन्दूखेड़ा पहॅुचकर विशेष क्लीनिक में प्रदायित स्वास्थ्य सेवाओं का औचक निरीक्षण किया। क्लीनिक में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं, जांच एवं परामर्श व्यवस्थाओं की समीक्षा की तथा व्यवस्थाओं एवं प्रदायित सेवाओं के प्रति संतोष जताया। इस दौरान डीपीएम डॉ. देवेन्द्र कुस्तवार भी मौजूद रहे।
सीएमएचओ ने बटियागढ़ पहुंचकर गर्भवतियों का बढ़ाया उत्साह
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय ने सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र बटियागढ़ में आयोजित विशेष मातृ स्वास्थ्य क्लीनिक का निरीक्षण कर स्वास्थ्य व्यवस्थाओं का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने गर्भवती महिलाओं से आत्मीय संवाद कर उनका कुशलक्षेम जाना, पुष्प भेंट कर सुरक्षित मातृत्व की शुभकामनाएं दीं तथा विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा दिए गए परामर्श, नियमित प्रसव पूर्व जांच एवं निर्धारित उपचार का पूर्ण पालन करने की आग्रह किया।
इसी प्रकार जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने सिविल अस्पताल हटा में आयोजित विशेष क्लीनिक का औचक निरीक्षण किया। क्लीनिक में प्रदायित सेवाओं के प्रति संतोष जताया।
उच्च जोखिम वाली गर्भवतियों पर रहा विशेष फोकस
विशेष क्लीनिकों में उच्च रक्तचाप, मधुमेह, गंभीर एनीमिया एवं अन्य चिकित्सकीय जटिलताओं से चिन्हित उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की प्राथमिकता के आधार पर विशेषज्ञ जांच एवं उपचार किया गया। साथ ही निकट प्रसव तिथि वाली महिलाओं का विस्तृत स्वास्थ्य परीक्षण कर सुरक्षित प्रसव के लिए आवश्यक चिकित्सकीय मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
सुरक्षित मातृत्व के प्रति किया जागरूक
क्लीनिकों में गर्भवती महिलाओं एवं उनके परिजनों को नियमित प्रसव पूर्व जांच, संस्थागत प्रसव, संतुलित एवं पौष्टिक आहार, आयरन एवं कैल्शियम की नियमित खुराक, गर्भावस्था के दौरान खतरे के लक्षणों की समय पर पहचान तथा नवजात शिशु की देखभाल संबंधी महत्वपूर्ण जानकारी देकर सुरक्षित मातृत्व के प्रति जागरूक किया गया।
इन विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दी सेवाएं
अभियान के अंतर्गत सिविल अस्पताल हटा में डॉ. भूमिजा राजपूत, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पथरिया में डॉ. प्रियंका छाबड़ा, पटेरा में डॉ. गीतांजलि सिद्दम, बटियागढ़ में डॉ. शारदा पटेल, जबेरा में डॉ. मिताली हैरिसन, तेन्दूखेड़ा में डॉ. ज्योति दुबे तथा हिण्डोरिया में डॉ. मेघना श्रीवास्तव ने विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान करते हुए गर्भवती महिलाओं की जांच, उपचार एवं आवश्यक परामर्श दिया।



