गांवों के विकास से ही देश का विकास है- जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमति पटेल विकसित भारत जी राम जी योजना को लेकर मानस भवन में हुआ सम्मेलन

विकसित भारत जी राम जी योजना को लेकर स्थानीय मानस भवन में जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल के विशेष अतिथि में जिला स्तरीय सम्मेलन आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य 1 जुलाई 2026 से प्रारंभ हुई विकसित भारत की वी.बी-जी राम जी योजना के संबंध में जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत प्रतिनिधियों को विस्तृत जानकारी उपलब्ध कराना था। सम्मेलन में जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे सहित जिले की सभी जनपद पंचायतों के मुख्य कार्यपालन अधिकारी, सभी विकासखंडों से जनपद पंचायत अध्यक्ष, सरपंच, पंचायत रोजगार सहायक एवं सचिव सहित पंचायत स्तर के जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी-कर्मचारी शामिल थे।
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटैल ने कहा आज वी.बी.-जी राम जी अधिनियम के तहत पंच सम्मेलन हुआ, जिसमें सभी अधिकारी वर्ग उपस्थित है। जनपद के CEO, जिला पंचायत के CEO और सभी पंच, सरपंच, GRS, सचिव उपस्थित है। त्रिस्तरीय पंचायती राज व्यवस्था को सुदृढ़ और मजबूत बनाने का यह अहम फैसला हमारी सरकार का है। उन्होंने कहा प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी विकसित भारत, ‘एक भारत श्रेष्ठ भारत’ का जो सपना देख रहे हैं, उसे हमें गाँव की तरफ ले जाना होगा। क्योंकि जब तक गाँव सुदृढ़ और सुरक्षित नहीं होंगे, तब तक विकसित भारत का सपना शायद अधूरा रहेगा। कार्यक्रम के माध्यम से पंचायत स्तर तक योजना की जानकारी पहुंचाने और इसके प्रभावी क्रियान्वयन के लिए जनप्रतिनिधियों एवं मैदानी अमले को तैयार करने पर जोर दिया गया।
कार्यक्रम के दौरान योजना की रूपरेखा, उद्देश्य, पात्रता, क्रियान्वयन प्रक्रिया तथा पंचायत स्तर पर इसकी भूमिका के संबंध में पीपीटी के माध्यम से विस्तृत प्रस्तुतीकरण दिया गया। अधिकारियों द्वारा योजना से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी देते हुए इसके प्रभावी क्रियान्वयन पर भी चर्चा की गई। सम्मेलन में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं पंचायत कर्मियों ने योजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा इसके क्रियान्वयन को लेकर आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन लिया।


