गर्भवती महिलाओं की मदद के लिए नई पहल, सुमन सखी व्हाट्सएप चैटबॉट से घर बैठे मिलेगी स्वास्थ्य सलाह
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. राकेश राय ने बताया कि गर्भावस्था के दौरान माताएं अपने स्वास्थ्य और पोषण का बेहतर ध्यान रख सकें, इसके लिए राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन, मध्य प्रदेश ने एक अनूठी पहल की शुरुआत की है। विभाग द्वारा ए.आई. आधारित सुमन सखी व्हाट्सएप चैटबॉट व्यवस्था शुरू की गई है।
जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. रीता चटर्जी ने इस सुविधा के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इसका मुख्य उद्देश्य गर्भवती माताओं, उनके परिजनों को घर पर ही गर्भावस्था, प्रसव और नवजात शिशु की देखभाल से जुड़ी सही, सटीक और जरूरी जानकारी डिजिटल माध्यम से उपलब्ध कराना है।
ऐसे उठाएं सुमन सखी सुविधा का लाभ
उन्होंने बताया कि इस निशुल्क और चौबीसों घंटे उपलब्ध रहने वाली सेवा से जुड़ना बेहद आसान है, सबसे पहले अपने मोबाइल में आधिकारिक व्हाट्सएप नंबर 9770905942 को सुमन सखी चैटबॉट के नाम से सुरक्षित करें। इसके बाद इस नंबर पर व्हाट्सएप पर जाकर ‘HI’ लिखकर मैसेज भेजें। मैसेज भेजते ही चैटबॉट स्क्रीन पर कई विकल्प प्रदर्शित करेगा। अपनी जरूरत के अनुसार विकल्प पर क्लिक करते ही संबंधित विषय (जैसे- खान-पान, जांच, शिशु देखभाल आदि) की पूरी जानकारी हिंदी भाषा में तुरंत मिल जाएगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिले की सभी गर्भवती माताओं और उनके परिवारों से अपील की है कि वे इस आधुनिक तकनीक का उपयोग करें ताकि सुरक्षित प्रसव और बेहतर शिशु स्वास्थ्य सुनिश्चित किया जा सके।

