गर्भवती माताओं एवं महिलाओं को समय पर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता- कलेक्टर श्री यादव गर्भवती महिला को समय पर एम्बुलेंस न मिलने पर सख्त कार्रवाई, कंपनी पर 2.35 लाख रुपये का अर्थदंड
जिले की जबेरा विकासखंड के ग्राम रोंड क्षेत्र में एक गर्भवती महिला के फोन करने के बावजूद समय पर एम्बुलेंस उपलब्ध नहीं कराए जाने के मामले में जिला प्रशासन ने सख्त कार्रवाई की है। मामले को गंभीरता से लेते हुए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने संबंधित सेवा प्रदाता जे.ए.ई.एस. प्रोजेक्ट प्राइवेट लिमिटेड के विरुद्ध कार्रवाई का प्रस्ताव शासन को भेजा था। प्रस्ताव के परीक्षण के बाद शासन ने कंपनी को नोटिस जारी किया। लापरवाही स्वीकार किए जाने पर कंपनी पर 2,35,931 रुपए का अर्थदंड आरोपित किया गया है।
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने चेतावनी दी है कि गर्भवती माताओं एवं महिलाओं को समय पर एम्बुलेंस सेवा उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। यदि भविष्य में इस प्रकार की लापरवाही सामने आती है तो संबंधित एजेंसी के विरुद्ध और भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने सभी एम्बुलेंस संचालकों एवं प्रोजेक्ट हेड से सूचना मिलते ही तत्काल एम्बुलेंस उपलब्ध कराने के लिए कहा है, ताकि गर्भवती महिलाओं को समय पर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें और उन्हें किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

