जिले में खाद की पर्याप्त उपलब्धता, किसानों को नहीं होगी कोई परेशानी – कलेक्टर प्रताप नारायण यादव जिले के किसानो को खाद का टोकन प्राप्त करने निशुल्क व्यवस्था ई-विकास पोर्टल से मिलेगा पारदर्शी वितरण, 102 समितियों सहित मण्डी और उपसंचालक एसएडीओ कृषि कार्यालय पर निःशुल्क टोकन सुविधा कंट्रोल रूम स्थापित 07812-314329
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले के किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा है कि जिले में खाद की कोई कमी नहीं है। किसानों की आवश्यकताओं को देखते हुए पर्याप्त मात्रा में खाद उपलब्ध कराई गई है तथा जरूरत पड़ने पर लगातार रेक के माध्यम से अतिरिक्त खाद मंगाए जाएंगे। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी परिस्थिति में किसानों को खाद की कमी नहीं होने दी जाएगी।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा खाद के पारदर्शी एवं व्यवस्थित वितरण के लिए शासन द्वारा ई-विकास पोर्टल की व्यवस्था लागू की गई है। किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए जिले की सभी मंडियों, 102 सेवा सहकारी समितियों, जनपद स्तर पर सात एसएडीओ कार्यालयों तथा उप संचालक कृषि कार्यालय में निःशुल्क पंजीयन एवं खाद टोकन प्राप्त करने की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
उन्होंने कहा यदि किसी किसान को ई-विकास पोर्टल या खाद वितरण संबंधी कोई समस्या आती है तो प्रशासन द्वारा स्थापित कंट्रोल रूम में कार्यालयीन समय में संपर्क कर अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। शिकायतों के त्वरित निराकरण के लिए प्रशासन लगातार निगरानी कर रहा है, कलेक्टर ने कहा खाद का भंडारण 102 सेवा सहकारी समितियों, पांच डबल लॉक केंद्रों, मार्केटिंग सोसायटी, एमपी एग्रो कार्यालय तथा जिले के 108 निजी उर्वरक विक्रेताओं के माध्यम से किया गया है, जहां से किसान अपनी आवश्यकता अनुसार खाद प्राप्त कर सकते हैं।
अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण डीएपी उर्वरक की उपलब्धता प्रभावित,
जिले में एनपीके और टीएसपी उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध
कलेक्टर ने कहा वर्तमान अंतरराष्ट्रीय परिस्थितियों के कारण डीएपी उर्वरक की उपलब्धता प्रभावित हुई है। इसके विकल्प के रूप में जिले में एनपीके और टीएसपी उर्वरक पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध कराए गए हैं, जिनका उपयोग किसान अपनी फसलों में कर सकते हैं।
ई-विकास ऐप अथवा शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई
ऑनलाइन लिंक के माध्यम से खाद का टोकन प्राप्त कर सकते है
कलेक्टर श्री यादव ने कहा किसान ई-विकास ऐप अथवा शासन द्वारा उपलब्ध कराई गई ऑनलाइन लिंक के माध्यम से स्वयं या अपने परिवार के सदस्यों के मोबाइल से खाद का टोकन प्राप्त कर सकते हैं। सेवा सहकारी समितियों के नियमित सदस्य किसान समिति से शून्य प्रतिशत ब्याज पर उर्वरक प्राप्त कर सकेंगे। वहीं नगद भुगतान करने वाले किसान डबल लॉक केंद्र, मार्केटिंग सोसायटी, एमपी एग्रो अथवा निजी विक्रेताओं से टोकन प्रस्तुत कर खाद ले सकते हैं।
कियोस्क केंद्रों से ई-विकास पोर्टल का टोकन प्राप्त करने हेतु
मात्र 15 रुपये का शुल्क निर्धारित
कलेक्टर ने कहा जिन किसानों का फार्मर रजिस्ट्रेशन अभी तक नहीं हुआ है, वे कियोस्क केंद्र, पटवारी अथवा प्रशासन द्वारा निर्धारित निःशुल्क पंजीयन केंद्रों पर जाकर अपना पंजीयन करा सकते हैं। कियोस्क केंद्रों से ई-विकास पोर्टल का टोकन प्राप्त करने हेतु मात्र 15 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है, उन्होने कहा किसानों को किसी प्रकार की असुविधा न हो, इसके लिए प्रशासन पूरी संवेदनशीलता के साथ कार्य कर रहा है तथा खाद वितरण व्यवस्था पर लगातार नजर रखी जा रही है।

