डेटा एनालिसिस से खुली पेट्रोल पंपों की गड़बड़ी, 20 टीमों ने एक साथ की जांच- कलेक्टर श्री यादव एक पेट्रोल पंप पर 4000 लीटर अतिरिक्त डीजल जब्त, राजसात की कार्रवाई शुरू किसानों को राहत, अब प्रतिदिन 200 लीटर डीजल केन में मिलेगा
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर जिले के पेट्रोल पंपों की बिक्री का डेटा एनालिसिस किया गया, जिसमें 20 ऐसे पेट्रोल पंप चिन्हित किए गए जिनकी बिक्री में असामान्य रूप से वृद्धि दर्ज की गई थी। इस पर संदेह होने के बाद कलेक्टर ने एक साथ 20 टीमों का गठन कर संबंधित पेट्रोल पंपों का निरीक्षण कराया।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि निरीक्षण के दौरान कुछ पेट्रोल पंपों पर स्टॉक और बिक्री के आंकड़ों में गंभीर विसंगतियां पाई गईं। एक पेट्रोल पंप पर लगभग 4000 लीटर डीजल अतिरिक्त मात्रा में पाया गया, जिसे तत्काल जब्त कर लिया गया है। इस अतिरिक्त स्टॉक को बिक्री में प्रदर्शित नहीं किया गया था, जिससे हेराफेरी या अन्य अनुचित उपयोग की आशंका बनी। प्रशासन द्वारा जब्त डीजल को राजसात करने की कार्रवाई की जा रही है, उन्होंने कहा कई अन्य पेट्रोल पंपों पर भी स्टॉक में अंतर पाया गया है। ऐसे मामलों की जानकारी संबंधित तेल कंपनियों को भेजी जा रही है ताकि नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जा सके।
कलेक्टर श्री यादव ने सभी पेट्रोल पंप संचालकों से शासन के नियमों का कड़ाई से पालन करने की अपील की। उन्होंने कहा किसानों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रशासन द्वारा विशेष छूट प्रदान की गई है, जिसके तहत अब किसान प्रतिदिन 200 लीटर तक डीजल केन में प्राप्त कर सकेंगे। यह व्यवस्था कृषि कार्यों में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसे सुनिश्चित करने के लिए लागू की गई है, उन्होंने स्पष्ट किया कि जिन पेट्रोल पंपों की बिक्री में असामान्य वृद्धि दर्ज हुई थी, उन्हें ही जांच के लिए चिन्हित किया गया था। जांच के दौरान सामने आई अनियमितताओं पर प्रशासन द्वारा सख्त कार्रवाई की जा रही है और भविष्य में भी ऐसी निगरानी लगातार जारी रहेगी।



