नई दिल्ली में रक्षा मंत्री श्री सिंह से राज्यमंत्री श्री पटेल ने भेंट कर पथरिया में सैनिक स्कूल स्थापना का किया आग्रह यह पहल बुंदेलखंड के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासन एवं उज्ज्वल भविष्य के अवसर प्रदान करेगी
आज नई दिल्ली में भारत सरकार के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह जी से प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल ने सौजन्य भेंट कर दमोह जिले के पथरिया विधानसभा में सैनिक स्कूल की स्थापना का आग्रह किया। राज्य मंत्री श्री पटेल ने कहा भारत सरकार के रक्षा मंत्री श्री सिंह के नेतृत्व में देशभर में 100 नए सैनिक स्कूल स्थापित करने की पहल अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने कहा सैनिक स्कूल युवा पीढ़ी में अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इसी क्रम में राज्यमंत्री श्री पटेल ने बताया विधानसभा पथरिया में सैनिक स्कूल स्थापित करने का अनुरोध किया, जिससे बुंदेलखंड क्षेत्र के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, अनुशासित वातावरण और बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। साथ ही क्षेत्र के समग्र विकास और रोजगार सृजन को भी गति मिलेगी।
सैनिक स्कूल के माध्यम से स्थानीय युवाओं में देशभक्ति की भावना और नेतृत्व कौशल प्रबल होंगे तथा क्षेत्र में रोजगार के अवसरों में वृद्धि होगी। यह पहल माननीय प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास’ के संकल्प को और सशक्त करेगी।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने रक्षा मंत्री श्री सिंह जी द्वारा प्रदान किए गए बहुमूल्य समय एवं आत्मीय मार्गदर्शन के लिए आभार जताया।


