सेवा संकल्प अभियान के तहत शासकीय कमला नेहरू महिला महाविद्यालय में हैकाथन एवं इनोवेशन कार्यक्रम आयोजित हैकाथन एवं इनोवेशन विधा के अंतर्गत मॉडल और पोस्टर का प्रदर्शन

सेवा संकल्प अभियान 2026 के अंतर्गत शासकीय कमला नेहरू महिला महाविद्यालय, दमोह में छात्राओं के लिए “हैकाथन एवं इनोवेशन” विषय पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य छात्राओं में तकनीकी कौशल, वैज्ञानिक सोच और नवाचार की भावना विकसित करना था। इस अवसर पर छात्राओं ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन करते हुए विभिन्न चलित मॉडल एवं आकर्षक पोस्टर प्रस्तुत किए, जिनकी उपस्थित अतिथियों और प्राध्यापकों ने सराहना की।
छात्राओं के मॉडल रहे आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम में छात्राओं द्वारा तैयार किए गए विभिन्न नवाचारी मॉडल विशेष आकर्षण का केंद्र रहे। एकता शर्मा और अनुप्रिया प्यासी ने पौधों की सिंचाई को स्वचालित बनाने वाला *ऑटोमैटिक प्लांट वाटरिंग सिस्टम* प्रस्तुत किया। प्रतीक्षा ठाकुर ने अनुपयोगी सामग्रियों से उपयोगी वस्तुएं बनाने की अवधारणा पर आधारित कबाड़ से जुगाड़ मॉडल प्रदर्शित किया।
इसी क्रम में राधिका कोष्ठी ने पानी की टंकी को ओवरफ्लो होने से बचाने के लिए वाटर अलार्म सिस्टम, जबकि सुहानी खरे ने सुरक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से लेजर सिक्योरिटी अलार्म सिस्टम प्रस्तुत किया। इन मॉडलों के माध्यम से छात्राओं ने दैनिक जीवन की समस्याओं के तकनीकी समाधान प्रदर्शित किए।
पोस्टरों के माध्यम से सतत विकास का संदेश
छात्राओं ने महाविद्यालय स्तर पर समस्याओं के समाधान और सतत विकास को ध्यान में रखते हुए विभिन्न विषयों पर पोस्टर भी तैयार किए। इनमें कॉलेज स्तर पर कचरा प्रबंधन, विद्यार्थी पुस्तक बैंक, वेस्ट मटेरियल का उचित उपयोग तथा इको बाजार नेपकिन इंसीनरेटर (सेनेटरी पैड डिस्पोजल सिस्टम) जैसे महत्वपूर्ण विषय शामिल रहे। पोस्टरों के माध्यम से स्वच्छता, संसाधनों के बेहतर उपयोग और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया गया।
प्राध्यापकों ने किया छात्राओं का उत्साहवर्धन
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रशासनिक अधिकारी डॉ. डी.के. नेमा, वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. अरुणा एम. जैन, डॉ. अवधेश कुमार जैन एवं डॉ. राजू प्रसाद अहिरवार की गरिमामयी उपस्थिति रही। कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. बृजेंद्र सिंह कुसमरिया रहे।
कार्यक्रम के सफल संचालन में संयोजक डॉ. राधा ताम्रकार, डॉ. आराधना श्रीवास, डॉ. प्रणव मिश्रा, डॉ. असलम खान, प्रीति वर्मा, जया अहिरवार, कु. पूजा तंतुवाय, डॉ. शबाना परवीन, डॉ. उमेश दीपांकर एवं डॉ. संतोष कुमार कुम्हार की महत्वपूर्ण भूमिका रही। इस अवसर पर महाविद्यालय का समस्त स्टाफ एवं बड़ी संख्या में छात्राएं उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम के अंत में वरिष्ठ प्राध्यापकों ने छात्राओं द्वारा बनाए गए मॉडलों और पोस्टरों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की। उन्होंने छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार नए विचारों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नवाचार के माध्यम से समाज की समस्याओं के समाधान की दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया तथा उन्हें शुभकामनाएं दीं।


