राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे थाना प्रभारी, छात्र-छात्राओं को दिलाई एकता की शपथ
राष्ट्रीय एकता दिवस पर उत्कृष्ट विद्यालय पहुंचे थाना प्रभारी, छात्र-छात्राओं को दिलाई एकता की शपथ
राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर उत्कृष्ट विद्यालय में विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जबेरा थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान अपने पुलिस स्टाफ के साथ विद्यालय पहुंचे और छात्र-छात्राओं को राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं सुरक्षा की शपथ दिलाई।
कार्यक्रम के दौरान थाना प्रभारी विकास सिंह चौहान ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय एकता दिवस के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा राष्ट्रीय एकता दिवस देश के प्रथम उप-प्रधानमंत्री एवं गृहमंत्री सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती के अवसर पर मनाया जाता है। सरदार पटेल ने देश की विभिन्न रियासतों को एक सूत्र में पिरोकर अखंड भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। उनका जीवन हमें एकता, अनुशासन, दृढ़ संकल्प और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा देता है।
उन्होंने विद्यार्थियों को बताया कि भारत की शक्ति उसकी विविधता में एकता है। देश में अलग-अलग धर्म, जाति, भाषा और संस्कृति के लोग निवास करते हैं, लेकिन सभी की पहचान भारतीय होना है। उन्होंने विद्यार्थियों से आपसी भाईचारा बनाए रखने, भेदभाव से दूर रहने तथा देश की एकता और अखंडता को मजबूत बनाने में अपना योगदान देने का आह्वान किया।
इस दौरान थाना प्रभारी एवं पुलिस स्टाफ की उपस्थिति में विद्यालय के छात्र-छात्राओं तथा शिक्षक-शिक्षिकाओं ने राष्ट्रीय एकता की शपथ ली। सभी ने देश की एकता, अखंडता और सुरक्षा को बनाए रखने तथा राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक पालन करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में विद्यालय प्राचार्य मोहन सेन, नंदकिशोर बाजपेई, जुगल शर्मा,पवन राय, शिक्षिका श्रीमती सुषमा जैन सहित विद्यालय के समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएं, छात्र-छात्राएं एवं पुलिस स्टाफ मौजूद रहा। कार्यक्रम के माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्रीय एकता, सामाजिक सद्भाव और देशभक्ति का संदेश दिया गया। पुलिस विभाग की इस पहल की विद्यालय में सराहना की गई।


