सुभाष कॉलोनी में जलभराव की समस्या के स्थायी समाधान के लिए कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने किया निरीक्षण कहा स्वच्छता केवल शहर की पहचान नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, संस्कृति और सभ्यता का भी प्रतीक बरसात से पहले नालों की सफाई और गहरीकरण के दिए सख्त निर्देश क्षेत्रवासियों से कलेक्टर ने चर्चा कर लिए सुझाव

कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने आज सुभाष कॉलोनी के विभिन्न क्षेत्रों का भ्रमण कर वर्षों से चली आ रही जलभराव की समस्या, शहर में स्वच्छता और नगर विकास से जुड़ी समस्याओं का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि सुभाष कॉलोनी में बरसात के दौरान बड़ी संख्या में घरों में पानी भरने की गंभीर समस्या सामने आई थी, जिसके समाधान के लिए क्षेत्र का निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कॉलोनी के सामने डाली गई पुलिया में पानी निकासी के लिए पर्याप्त स्थान नहीं है। इस समस्या के समाधान हेतु एक अतिरिक्त समानांतर सड़क में पाइप बिछाने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे बरसात के दौरान जल निकासी सुचारु रूप से हो सके।
कलेक्टर श्री यादव ने कहा मुख्य नगरपालिका अधिकारी राजेन्द्र सिंह लोधी ने बताया कि नगरपालिका के पास संसाधनों की कमी है। इसे देखते हुए मायसेम कंपनी द्वारा एक पोकलेन मशीन उपलब्ध कराई गई है, जिससे नालों की सफाई और गहरीकरण का कार्य समय पर पूरा किया जा सकेगा तथा वर्षा ऋतु में नागरिकों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।
स्टॉप डैम में अवरोध हटाने के निर्देश
कलेक्टर श्री यादव ने निरीक्षण के दौरान पाया कि बीज निगम द्वारा निर्मित स्टॉप डैम में गेट लगाने का प्रावधान होने के बावजूद उसे स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। इससे बैक वॉटर का दबाव बढ़कर आसपास की कॉलोनियों और बस्तियों में पानी भरने की स्थिति बन रही है। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को तत्काल अवरोध हटाकर गेट संचालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
मंडी कचरा प्रबंधन में सुधार के निर्देश
सागर-दमोह रोड पर मंडी द्वारा खुले में कचरा डाले जाने पर कलेक्टर ने नाराजगी व्यक्त की। उन्होंने निर्देश दिए कि मंडी का समस्त कचरा निर्धारित डंपिंग एरिया में ही डाला जाए तथा वर्तमान में जमा कचरे को तत्काल हटाया जाए। उन्होंने कहा कि ऐसी गलत परंपराओं को समाप्त करना आवश्यक है।
छात्रावास में जलभराव और व्यवस्थाओं का लिया जायजा, नाराजगी जताई जिला अधिकारी को दूरभाष पर कहा आये, व्यवस्था सुढृण बनायें
भ्रमण के दौरान बालक पोस्ट मैट्रिक छात्रावास का निरीक्षण भी किया गया। छात्रों ने बताया कि बरसात के समय उनके कमरों में डेढ़ से दो फीट तक पानी भर जाता है। इस समस्या के समाधान के लिए विधायक श्री जयंत मलैया के माध्यम से राशि उपलब्ध कराकर समानांतर नाला निर्माण कराने की योजना बनाई गई है। इसके अलावा छात्रावास में स्वच्छ पेयजल, वॉटर कूलर और गुणवत्तापूर्ण भोजन व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री यादव ने बाहर से समोसे लाकर छात्रों को नाश्ता खिलाने की व्यवस्था पर असंतोष व्यक्त करते हुए शासन के निर्देशानुसार परिसर में ही स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
शहर की सफाई व्यवस्था होगी व्यवस्थित
कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि शहर में कार्यरत लगभग 300 सफाई मित्रों की ड्यूटी, सुपरविजन और कार्य समय की व्यवस्थित योजना तैयार की जा रही है। इससे सफाई कार्य की प्रभावी मॉनिटरिंग संभव होगी और किसी क्षेत्र में गंदगी मिलने पर जवाबदेही भी तय की जा सकेगी।
खेल परिसर और बंद स्कूल की भूमि के बेहतर उपयोग की तैयारी
निरीक्षण के दौरान बंद पड़े खेल परिसर और नगरपालिका के श्री खंडे स्कूल भवन का भी जायजा लिया गया। कलेक्टर श्री यादव ने कहा कि खेल परिसर को शीघ्र जनहित में उपयोग के लिए शुरू किया जाएगा ताकि बच्चों को खेल सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। वहीं शहर के प्रमुख स्थान पर स्थित नगरपालिका स्कूल परिसर में बढ़ते अतिक्रमण पर चिंता व्यक्त करते हुए सीएमओ को तत्काल भूमि का कब्जा लेकर बाउंड्रीवाल और गेट निर्माण कराने के निर्देश दिए । उन्होंने कहा कि आवश्यकता के अनुसार वहां व्यावसायिक परिसर या दुकानें विकसित कर नगरपालिका की आय बढ़ाई जा सकती है।
स्वच्छता में नागरिकों की सहभागिता जरूरी
कलेक्टर श्री यादव ने नागरिकों से आग्रह किया कि स्वच्छता केवल शहर की पहचान नहीं, बल्कि स्वास्थ्य, संस्कृति और सभ्यता का भी प्रतीक है। उन्होंने लोगों से कचरा निर्धारित स्थानों पर डालने, नालियों और सड़कों पर गंदगी न फैलाने तथा शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाने में सहयोग करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ और सुव्यवस्थित शहर विकास की नई संभावनाओं के द्वार खोलता है।
प्रात: 7 बजे से भ्रमण पर निकले कलेक्टर श्री यादव
कलेक्टर श्री यादव आज प्रात: 7 बजे से सुभाष कॉलोनी के पूरे क्षेत्र का पैदल भ्रमण कर जायजा लिया क्षेत्र के निवासियों से चर्चा की साथ ही उनसे सुझाव भी लियें। अपने इस भ्रमण के दौरान कलेक्टर श्री यादव सुभाष कॉलोनी, बीज निगम, खैजरा मार्ग, स्टापडेम, तीन गुल्ली, स्टेशन चौराहा, श्री खण्डे स्कूल और पोस्ट मैट्रिक छात्रावास तथा एसपीएम नगर खेल परिसर और इंडोर स्टेडियम का जायजा लेकर सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए तदानुसार कार्यवाही के लिए कहा। इस दौरान एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार रॉबिन जैन, परियोजना अधिकारी शहरी विकास अभिकरण कपिल खरे, सीएमओ नगरपालिका राजेन्द्र सिंह लोधी सहित अन्य अधिकारी- कर्मचारी उपस्थित रहे।


