पुलिस का वाहन चेकिंग अभियान जारी,सड़क हादसों को लेकर लोगों को दी जा रही समझाइश कुम्हारी पुलिस के द्वारा सघन अभियान जारी

जिले मे लगातार बढ़ रहे सड़क हादसों को देखते हुए पुलिस द्वारा वाहन चेकिंग अभियान लगातार चलाया जा रहा है। अभियान के तहत मुख्य चौक-चौराहों एवं व्यस्त मार्गों पर पुलिस टीम द्वारा दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों की जांच की जा रही है।
थाना प्रभारी बृजेश पांडे के नेतृत्व में टीम के द्वारा चेकिंग के दौरान बिना हेलमेट, बिना सीट बेल्ट, तीन सवारी, नाबालिग वाहन चालक तथा दस्तावेजों के अभाव में चल रहे वाहनों पर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की समझाइश भी दी।
पुलिस ने लोगों से अपील करते हुए कहा कि वाहन चलाते समय हेलमेट एवं सीट बेल्ट का उपयोग अवश्य करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं तथा तेज गति से बचें। अधिकारियों ने बताया कि सड़क सुरक्षा को लेकर यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके। अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को नियमों के प्रति जागरूक किया गया तथा यातायात नियमों का पालन करने की शपथ भी दिलाई गई।

