जनजातीय विभाग के अंशकालिन कर्मचारियों का फूटा गुस्सा, वेतन भुगतान को लेकर कलेक्टर को सौंपा ज्ञापन

दमोह। जनजातीय विभाग में कार्यरत अंशकालिन कर्मचारियों का लंबे समय से लंबित वेतन भुगतान को लेकर आक्रोश सामने आया है। मंगलवार को मध्य प्रदेश स्थाई कर्मी कल्याण संघ, जिला दमोह के अध्यक्ष बबलू ठाकुर उर्फ संतोष सिंह के नेतृत्व में कर्मचारी कलेक्ट्रेट पहुंचे और जनसुनवाई में कलेक्टर नारायण प्रताप यादव को ज्ञापन सौंपकर शीघ्र वेतन भुगतान की मांग की। कर्मचारियों ने बताया कि पिछले 10 से 11 महीनों से वेतन नहीं मिलने के कारण उन्हें गंभीर आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। परिवार का भरण-पोषण, बच्चों की पढ़ाई और दैनिक आवश्यकताओं को पूरा करना मुश्किल हो गया है। कर्मचारियों का कहना है कि पूर्व में भी कई बार संबंधित अधिकारियों को आवेदन एवं ज्ञापन दिए जा चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। ज्ञापन प्राप्त होने के बाद कलेक्टर नारायण प्रताप यादव ने मामले को गंभीरता से लेते हुए भोपाल स्तर के अधिकारियों से फोन पर चर्चा की। इसके बाद उन्होंने संघ पदाधिकारियों को 5 दिनों के भीतर उचित कार्रवाई एवं समाधान का आश्वासन दिया। संघ पदाधिकारियों ने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि निर्धारित समय में कर्मचारियों के लंबित वेतन का भुगतान नहीं किया गया तो आंदोलन की रणनीति बनाई जाएगी। इस दौरान मध्यप्रदेश स्थाई कर्मी कल्याण संघ जिला शाखा दमोह के पदाधिकारी एवं कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।




