जिला पंचायत सीईओ के नेतृत्व में SRLM स्टाफ का दो दिवसीय पशुपालन प्रशिक्षण संपन्न

ग्रामीण आजीविका को बढ़ावा देने और पशुपालकों की आय दोगुनी करने के उद्देश्य से जिला पंचायत दमोह के मुख्य कार्यपालन अधिकारी प्रवीण फुलपगारे के नेतृत्व में एक महत्वपूर्ण पहल की गई है। इसके तहत राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन (SRLM) के सभी ब्लॉक मैनेजर्स (BM) और असिस्टेंट ब्लॉक मैनेजर्स (ABM) के लिए दो दिवसीय विशेष पशुपालन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। यह प्रशिक्षण ‘प्रदान’ (PRADAN) संस्था के सहयोग से संपन्न हुआ।
ट्रेनिंग के दौरान प्रदान संस्था द्वारा प्रबंधकों को पशुओं की वैज्ञानिक देखरेख, संतुलित आहार और मौसम के अनुकूल सुरक्षित शेड (आवास) प्रबंधन की तकनीकी जानकारी दी गई। इसके साथ ही, पशुओं में होने वाले प्रमुख रोगों की समय पर पहचान, नियमित टीकाकरण और प्राथमिक उपचार के तरीकों पर भी विस्तृत चर्चा की गई। ट्रेनिंग में 26 BM और ABM ने भाग लिया इसके साथ ही SRLM से DPM शैलेन्द्र श्रीवास्तव, DM कृषि सतीश शर्मा व प्रदान संस्था से श्री राकेश जाखड़ , श्री राहुल पटेल और श्री गोपाल यादव उपस्थित रहे।
वर्तमान में जिले में SRLM और ‘प्रदान’ संस्था के संयुक्त प्रयासों से 28 मिल्क कलेक्शन सेंटर सफलतापूर्वक संचालित किए जा रहे हैं। भविष्य की कार्ययोजना को साझा करते हुए बताया गया कि आने वाले समय में इस नेटवर्क को और अधिक मजबूत करते हुए कलेक्शन सेंटर्स की संख्या को 28 से बढ़ाकर 60 तक ले जाने का महत्वाकांक्षी लक्ष्य रखा गया है। इस रणनीति के तहत ग्रामीण क्षेत्रों की महिला स्वयं सहायता समूहों (SHGs) को डेयरी और मिल्क कलेक्शन के कार्य से सीधे जोड़ा जाएगा, जिससे जमीनी स्तर पर महिलाओं का आर्थिक सशक्तिकरण हो सके और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को एक नई रफ्तार मिले।




