दमोह डायल-112 की तत्परता एवं साहसिक कार्यवाही से टली बड़ी दुर्घटना, आग में फंसे लोगों को सुरक्षित निकाला, दो गैस सिलेंडर बाहर निकाले

दमोह। थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत बेदरा मस्जिद के पास एक मकान में फ्रिज फटने से आग लगने की सूचना प्राप्त हुई। सूचना पर डायल-112 की FRV-04 एवं FRV-01 ने तत्काल मौके पर पहुंचकर साहस एवं तत्परता का परिचय देते हुए आग में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला तथा घर में रखे दो गैस सिलेंडरों को भी सुरक्षित बाहर निकालकर एक बड़ी दुर्घटना होने से बचाया।
उक्त घटना की सूचना राज्य स्तरीय पुलिस कंट्रोल रूम डायल-112 भोपाल में दिनांक 18.11.2026 को रात्रि 02:21 बजे प्राप्त हुई। सूचना प्राप्त होते ही दमोह डायल-112 कंट्रोल रूम में पदस्थ आरक्षक 22 देवेश तिवारी एवं आरक्षक 52 दुर्गेश पाठक द्वारा तत्काल FRV-04 एवं FRV-01 को घटनास्थल के लिए रवाना किया गया। साथ ही घटना की जानकारी कंट्रोल रूम को दी गई।
कंट्रोल रूम स्टाफ प्रधान आरक्षक जुनैद मिर्जा एवं आरक्षक कैलाश द्वारा तत्काल थाना कोतवाली, फायर ब्रिगेड एवं MPEB को सूचना दी गई तथा वरिष्ठ अधिकारियों को भी घटना से अवगत कराया गया।
प्रभारी रेडियो निरीक्षक गोविंद पुसाम, प्रभारी कंट्रोल रूम अमित मिश्रा, प्रभारी डायल-112 एसआई जयश्री जैन, एसआई प्रियंका शर्मा (पीसीआर), एसआई रेडियो शेखर कुर्मी एवं एएसआई अजय कुमार शुक्ला के मार्गदर्शन में तत्काल आवश्यक कार्यवाही प्रारंभ की गई।
मौके पर पहुंची FRV-04 के आरक्षक रानू राय एवं पायलट हरिशंकर तथा FRV-01 के आरक्षक 561 भूपेंद्र पांडे एवं पायलट अनिल आठिया ने देखा कि मकान के अंदर रखे फ्रिज, टीवी एवं कमरे में आग लगी हुई थी। पुलिस टीम ने बिना देर किए घर में मौजूद लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। इसके साथ ही साहस का परिचय देते हुए घर में रखे दो गैस सिलेंडरों को भी सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसी दौरान फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया। MPEB द्वारा तत्काल विद्युत सप्लाई बंद की गई। घटनास्थल पर थाना कोतवाली की बाज मोबाइल-02, थाना दमोह देहात के गश्त अधिकारी एवं शहर गश्त अधिकारी भी पहुंचे और आवश्यक कार्यवाही की।
डायल-112 एवं पुलिस की त्वरित कार्यवाही, सूझबूझ और साहस के कारण संभावित बड़ी दुर्घटना टल गई तथा घर में मौजूद लोगों की जान सुरक्षित बचाई जा सकी। पुलिस की इस तत्परता एवं साहसिक कार्यवाही की स्थानीय नागरिकों द्वारा सराहना की गई।



