दमोह के सभी दुर्गा पंडालों एवं धार्मिक स्थलों का होगा विद्युत सुरक्षा निरीक्षण कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने दिए निर्देश, दो दिवस में संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश
दमोह के सभी दुर्गा पंडालों एवं धार्मिक स्थलों का होगा विद्युत सुरक्षा निरीक्षण कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने दिए निर्देश, दो दिवस में संयुक्त रिपोर्ट प्रस्तुत करने के आदेश
विगत वर्ष जबलपुर जिले में दुर्गा पंडाल में अवैध विद्युत कनेक्शन एवं असुरक्षित वायरिंग के कारण हुई दुखद विद्युत दुर्घटना में मासूम बच्चों की मृत्यु की घटना को देखते हुए जिले में विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए जिला प्रशासन ने सख्त निर्देश जारी किए हैं।
जिला मजिस्ट्रेट एवं कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने जिले के सभी दुर्गा पंडालों, देवीजी मंदिरों तथा अन्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्थलों का विद्युत सुरक्षा निरीक्षण कराने के निर्देश दिए हैं। इसके लिए जांच टीम गठित कर तत्काल निरीक्षण करने तथा जांच के उपरांत सुरक्षा प्रमाण-पत्र पुलिस अधीक्षक दमोह एवं संबंधित अनुविभागीय दंडाधिकारी को उपलब्ध कराने के लिए कहा गया है।
कलेक्टर ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि केवल विधिवत स्वीकृत एवं सुरक्षित अस्थायी विद्युत कनेक्शन ही प्रदान किए जाएं। किसी भी स्थिति में अवैध अथवा अनाधिकृत विद्युत कनेक्शन नहीं दिया जाए। सभी आयोजन समितियों को निर्देशित किया जाए कि विद्युत संबंधी कार्य केवल अधिकृत एवं लाइसेंसधारी इलेक्ट्रीशियन से ही कराएं।
निरीक्षण के दौरान जहां भी खुले तार, ढीले जोड़ अथवा असुरक्षित वायरिंग पाई जाती है, उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए। साथ ही, नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर आवश्यक विधिसम्मत कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को संपूर्ण निरीक्षण एवं की गई कार्रवाई की संयुक्त रिपोर्ट दो दिवस के भीतर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने चेतावनी दी है कि निर्देशों के पालन के बावजूद यदि विद्युत सुरक्षा में लापरवाही के कारण कोई दुर्घटना या घटना घटित होती है, तो संबंधित विभाग एवं अधिकारी की जवाबदेही निर्धारित की जाएगी तथा उनके विरुद्ध आवश्यक प्रशासनिक एवं विधिक कार्रवाई की जाएगी।
जिला प्रशासन का उद्देश्य धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के दौरान विद्युत दुर्घटनाओं की आशंका को रोकना और श्रद्धालुओं, आयोजकों तथा आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

