शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत – राज्यमंत्री श्री पटेल समाज के बच्चे आगे बढ़कर उच्च प्रशासनिक पदों पर पहुंचें तथा न्यायप्रिय और सेवाभाव से कार्य कर समाज का नाम रोशन करें- आयोग अध्यक्ष श्री कुसमरिया कुर्मी एम्प्लाइज जन कल्याण मंच द्वारा मेधावी, विद्यार्थी सम्मान समारोह संपन्न

प्रदेश के पशुपालन एवं डेयरी विभाग राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) लखन पटेल के मुख्य आतिथ्य में कुर्मी एम्प्लाइज जन कल्याण मंच, दमोह द्वारा मेधावी विद्यार्थी सम्मान समारोह का आयोजन शहर के जबलपुर नाका स्थित एक निजी पैलेस होटल में किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के राज्य पिछड़ा कल्याण आयोग के अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। समारोह में कक्षा 10वीं एवं 12वीं में उत्कृष्ट अंक प्राप्त करने वाले कुर्मी समाज के मेधावी छात्र-छात्राओं को शील्ड एवं प्रमाण पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में समाज के गणमान्य नागरिक, अभिभावक एवं विद्यार्थी उपस्थित रहे।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि शिक्षा ही समाज की सबसे बड़ी ताकत है और मेधावी विद्यार्थी समाज एवं देश का नाम रोशन करते हैं। उन्होंने कहा समाज के सभी वर्गों को शिक्षा के क्षेत्र में आगे आना चाहिए। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित करते हुए कहा कि पढ़ाई के साथ-साथ अच्छे संस्कार अपनाना भी आवश्यक है। माता-पिता की सेवा एवं बड़ों का सम्मान जीवन की सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में ऐसी बेटियां भी उपस्थित हैं जिन्होंने विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर समाज को गौरवान्वित किया है। विद्यार्थियों की मेहनत और लगन ही उन्हें सफलता के इस मुकाम तक पहुंचाती है।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने आयोजन समिति की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम निरंतर आयोजित होते रहने चाहिए, जिससे प्रतिभाओं को प्रोत्साहन मिलता रहे।
आयोग अध्यक्ष डॉ. रामकृष्ण कुसमरिया ने कहा कि इस प्रकार के आयोजन विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन करते हैं तथा उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि समाज के बच्चे आगे बढ़कर कलेक्टर एवं उच्च प्रशासनिक पदों पर पहुंचें तथा न्यायप्रिय और सेवाभाव से कार्य कर समाज का नाम रोशन करें। उन्होंने सभी सम्मानित विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर मेहनत और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने का संदेश दिया।



