संकल्प से समाधान अभियान के तहत राजस्व शिविर आयोजित सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा एवं रिकॉर्ड दुरुस्ती के प्रकरणों का मौके पर निराकरण
एसडीएम आर. एल. बागरी ने बताया कि जिले में कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर के निर्देशन में “संकल्प से समाधान” अभियान के अंतर्गत दो प्रकार के शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। एक क्लस्टर स्तर पर और दूसरा प्रत्येक तहसील में विशेष राजस्व शिविर के रूप में आयोजित किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज दमोह के सब-डिवीजन अंतर्गत दमोह तहसील दमोह और तहसील दमयंती नगर में राजस्व शिविर का आयोजन संबंधित तहसील कार्यालय में किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में कृषक एवं आमजन अपनी समस्याओं के समाधान के लिए पहुंचे। इस शिविर में सीमांकन, नामांतरण, बंटवारा, रिकॉर्ड दुरुस्ती, खसरे में अमल करना तथा रिकॉर्ड में सुधार कर खसरे की प्रतियां वितरित करने जैसे महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं। तहसीलदार द्वारा पारित नामांतरण एवं बंटवारे के आदेशों की प्रतियां भी हितग्राहियों को मौके पर उपलब्ध कराई जा रही हैं।
एसडीएम श्री बागरी ने बताया कि कृषक भाइयों को खसरे की नकल तत्काल प्रदान की जा रही है, जिससे उन्हें राजस्व अभिलेखों से संबंधित कार्यों में सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि यह अभियान कलेक्टर श्री कोचर के मार्गदर्शन में संचालित किया जा रहा है और इसका उद्देश्य आमजन, विशेषकर किसानों की राजस्व संबंधी समस्याओं का त्वरित एवं पारदर्शी समाधान सुनिश्चित करना है, संकल्प से समाधान अभियान के तहत आयोजित यह शिविर राजस्व मामलों के शीघ्र निराकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल साबित हो रहे हैं।

