

दमोह: 20 जनवरी 2026
कलेक्टर सुधीर कुमार कोचर ने जिले के नागरिकों से आग्रह किया कि यदि जिले में सेरेब्रल पॉल्सी से पीड़ित या मानसिक रूप से दिव्यांग, बहु-दिव्यांग कोई बच्चा है और उसे शासन की पेंशन का पूरा लाभ नहीं मिल रहा है, तो उसकी जानकारी जिला प्रशासन को दें। पात्र हितग्राहियों को ₹1200 प्रतिमाह डबल पेंशन दिलाई जाएगी।
कलेक्टर श्री कोचर ने बताया कि दिव्यांगता कार्ड में यदि मानसिक बौद्धिक दिव्यांग, बहु-दिव्यांग में से कोई एक भी उल्लेखित है, तो ऐसे दिव्यांग डबल पेंशन ₹1200 प्रतिमाह के पात्र हैं। आमजन अपने आसपास ऐसे किसी भी पात्र दिव्यांग की जानकारी प्रशासन तक पहुंचाएं, ताकि शासन की योजना का लाभ सुनिश्चित किया जा सके। आज जनसुनवाई में परसई गॉव की सेरेब्रल पाल्सी से ग्रसित बालिका राधिका के प्रकरण में त्वरित कार्रवाई करते हुए उसकी दिव्यांग पेंशन 600 से बढ़ाकर 1200 रूपये स्वीकृत की गई। कलेक्टर श्री कोचर ने उक्त बालिका मेडिकल कॉलेज में उपचार हेतु एंबुलेंस की व्यवस्था भी करवाई है, उक्त एंबुलेंस बालिका को उपचार उपरांत घर लाकर छोडेगी।
संकल्प से समाधान- बाल हृदय उपचार योजना
कलेक्टर ने आगे बताया कि संकल्प से समाधान योजना के अंतर्गत बाल हृदय उपचार योजना पर कार्य किया जा रहा है। यदि 14 वर्ष या उससे कम आयु का कोई बच्चा दिल की गंभीर बीमारी से पीड़ित है, तो उसके उपचार का पूरा खर्च सरकार वहन करेगी। ऐसे मामलों की जानकारी दमोह हेल्पलाइन एवं सीएम हेल्पलाइन पर दर्ज कराई जाए।


