राजस्व, आबकारी और पुलिस विभाग की अवैध शराब पर संयुक्त कार्रवाई पटना बुजुर्ग और टौरी गांव से भारी मात्रा में मदिरा जब्त अवैध शराब के खिलाफ यह संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा
दमोह में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण और बिक्री के खिलाफ प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। कलेक्टर प्रताप नारायण यादव के निर्देश पर एसडीएम सौरभ गंधर्व के नेतृत्व में राजस्व विभाग, आबकारी विभाग और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने इमलिया चौकी क्षेत्र के विभिन्न ग्रामीण इलाकों में औचक निरीक्षण और छापेमारी की कार्रवाई की।
विभिन्न गांवों में दबिश और बरामदगी
एसडीएम सौरभ गंधर्व ने जानकारी देते हुए बताया कि संदिग्ध स्थलों और व्यक्तियों के ठिकानों पर सघन जांच चलाई गई, टौरी गांव में छापेमारी के दौरान 100 से अधिक पाव अवैध शराब बरामद की गई। इसी प्रकार पटना बुजुर्ग में टीम ने लगभग 7 से 8 पाव अवैध शराब जब्त की है। दोनों ही मामलों में तत्काल प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
कच्ची शराब और संदिग्ध ठिकानों पर शिकंजा
एसडीएम सौरभ गंधर्व ने बताया संयुक्त टीम ने सागर जिले से सटे सीमावर्ती गांवों में भी निरीक्षण किया, जहां कच्ची/अवैध शराब के निर्माण की सूचना मिली थी। दबिश के दौरान मौके से शराब बनाने में प्रयुक्त गंदे बर्तन और सामग्री छुपाने के साक्ष्य मिले। इस पर कार्रवाई करते हुए चौकी प्रभारी को संबंधित असामाजिक तत्वों के खिलाफ प्रतिबंधात्मक कार्रवाई करने के कड़े निर्देश जारी किए गए हैं। एसडीएम श्री गंर्धर्व ने स्पष्ट किया कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ यह संयुक्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

