ऊर्जा विभाग द्वारा विद्युत उपभोक्ताओं की समस्याओं के निराकरण में गति
पिछले दिनों शहर के कुछ क्षेत्रों में हुए विद्युत व्यवधान के परिप्रेक्ष्य में 30 मई को अधीक्षण अभियंता-दमोह द्वारा संपूर्ण जिले के वितरण केन्द्र प्रभारियों की वृत्त कार्यालय-दमोह में बैठक आयोजित कर, अधिकारियों को सख्त निर्देश दिये गये थे कि अपने-अपने क्षेत्रों में लाईनों एवं ट्रांसफार्मरों का शेष मेनटेनेंस कार्य तत्काल पूर्ण कर, जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को प्राथमिकता पर सुचारू विद्युत प्रदाय सुनिश्चित किया जाये।
2 एवं 3 जून-2026 को दोपहर तक दमोह शहर वितरण केन्द्र अंतर्गत शहर के विद्युत उपभोक्ताओं से कुल 108 नं. शिकायतें किल्लाई नाका दमोह के शिकायत केन्द्र में दर्ज हुई थीं। इनमें से 26 शिकायतें 02 जून की थीं। उक्त 108 नं. शिकायतों में से 67 नं. शिकायतों का दोपहर तक निराकरण किया जा चुका है, शेष 41 नं. शिकायतें विभिन्न टीमों के माध्यम से अटेण्ड कर, उनका निराकरण किया जा रहा है। मांगंज वार्ड नं. 4, कंकाली माता मंदिर, हनुमानगढ़ी, मिशन स्कूल के पास एवं वैशाली नगर दमोह में डी.ओ. फ्यूज संबंधी विद्युत व्यवधान पर त्वरित कार्यवाही करते हुए, लाइन कर्मियों द्वारा सुधार कार्य संपन्न किया गया।
अधीक्षण अभियंता अमित चौहान ने विद्युत उपभोक्ताओं से आग्रह किया है कि वर्तमान में व्याप्त भीषण गर्मी एवं संभावित आंधी-तूफान, गरज-चमक को दृष्टिगत रखते हुए, अपनी शिकायतों के निराकरण में धैर्यता का परिचय देते हुए, कंपनी को अपना सहयोग प्रदान किया जाये। कंपनी 24×7 के आधार पर दमोह जिले के विद्युत उपभोक्ताओं को विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए कृत-संकल्पित है।


